LHC0088 • 2026-1-4 21:56:45 • views 1248
मौत की सूचना पर रोते बिलखते स्वजन। जागरण
जागरण संवाददाता, मधुबनी। आर्थिक तंगी एवं कर्ज से परेशान समस्तीपुर जिला के खानपुर थाना क्षेत्र के सलेमपट्टी निवासी पवन कुमार शर्मा के 28 वर्षीय पुत्र अमित कुमार शर्मा ने फंदे से लटक अपनी जान दे दी। फिलहाल हत्या एवं आत्म हत्या की गुत्थी सुलझाने में पुलिस जुट गई है।
बता दें कि रविवार की दोपहर नगर थाना क्षेत्र के गदियानी में किराए के कमरे में रह रहे कारपेंटर अमित कुमार शर्मा फंदे से लटका मिला। बच्चों ने युवक को फंदे से लटका देखा तो शोर मचाने लगे। उसका कमरा खुला हुआ था। तत्काल स्थानीय लोगों ने फंदे से झूल रहे अमित कुमार शर्मा को नीचे उतार सदर अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे अमृत घोषित कर दिया।
मृतक अमित कुमार शर्मा समस्तीपुर जिला के खानपुर थाना क्षेत्र के सलेमपट्टी का रहने वाला था। तत्काल घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी गई। वहीं इस बीच घटना की सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक सह नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल पहुंच गए।
इस दौरान पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल में जुट गए। रविवार की शाम मृतक के परिजन रोते बिलखते सदर अस्पताल पहुंच गए। पुलिस अधीक्षक सह नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना के संबंध में परिजनों ने आत्महत्या की आशंका जताई है। पुलिस उक्त मामले की जांच पड़ताल कर रही है। मृतक अमित शर्मा दो भाई एवं एक बहन में छोटा था।
आर्थिक तंगी एवं कर्ज से था परेशान
मृतक के परिजनों के अनुसार परिवार पिछले कुछ समय से आर्थिक तंगी एवं कर्ज से जुझ रहा है। आर्थिक तंगी, कर्ज एवं वाहन के किस्त से अमित परेशान चल रहा था। वह लगभग 3-4 वर्षों से अपने रिश्ते के फूफा मधुबनी निवासी विष्णु देव शर्मा के यहां कारपेंटर का काम करता था। वह अपने तीन साथियों के साथ गदियानी निवासी रामबाबू गुप्ता के मकान में किराए पर रहता था। रविवार को वह अपने साथियों के साथ काम पर गया था। वहां से कुछ देर बाद ही वह वापस अपने कमरे पर आ गया। जहां दोपहर में बच्चों ने उसे फंदे से लटका देखा।
पहले भी इस तरह की हुई घटना
बता दें कि 5 जून 2025 को शहर के बड़ा बाजार गदियानी में सीतामढ़ी जिला के नगर थाना कोट बाजार पंचमुखी हनुमान मंदिर वार्ड संख्या 18 निवासी लाल बाबू साह के पुत्र गोविंद कुमार की कमरे में फंदे से लटका शव मिला था। गोविंद कुमार बड़ा बाजार गदियानी में अपने नाना स्व. केदार प्रसाद चौधरी के घर पर रहता था। वहां उसके अलावा कोई और नहीं रहता था। वह भी इसी तरह आर्थिक तंगी एवं कर्ज से जूझ रहा था। |
|