गौतम कुमार मिश्रा, नई दिल्ली। एअर इंडिया के प्रीमियम यात्रियों के लिए आइकानिक स्पेस रहा महाराजा लाउंज, अब ग्लोबल स्टैंडर्ड्स के साथ अपग्रेड हो रहा है। नए वर्ष में एअर इंडिया कई नए लाउंज खोलने और अपग्रेड करने की योजना बना रहा है, जो उसके रिवाइवल प्लान का हिस्सा है।
बहुत संभव है कि इस महीने के अंत तक देश की सबसे बड़ी एयरपोर्ट आईजीआई पर एअर इंडिया के यात्रियों को बिल्कुल नए महाराजा लाउंज में आराम फरमाने का मौका मिले। इस वर्ष भारत से बाहर अमेरिका में भी एअर इंडिया द्वारा महाराज लाउंज खोलने की तैयारी हो रही है।
आईजीआई पर एक नहीं दो लाउंज खोलने की तैयारी
इस वर्ष आईजीआई के टर्मिनल 3 पर एअर इंडिया अपने प्रीमियम यात्रियों के लिए दो लाउंज खोलने की तैयारी में है। इनमें एक घरेलू व दूसरा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के यात्रियों के लिए होगा।
इंटरनेशनल लाउंज को पिछले वर्ष दिसंबर में खोलने की तैयारी थी, जिसमें विलंब हुआ है। बहुत संभावना है कि इस महीने के अंत तक इसे यात्रियों के लिए खोल दिया जाए। इसके बाद इस वर्ष के मध्य तक घरेलू यात्रियों के लिए महाराजा लाउंज खोला जाएगा।
अमेरिका पर फोकस
भारत से बाहर एअर इंडिया का सबसे अधिक फोकस अमेरिका पर है।अधिकारियों का कहना है कि हम ग्लोबल हब्स पर फोकस कर रहे हैं। इसकी शुरुआत नई दिल्ली, न्यूयार्क व सैन फ्रांसिस्को से की जा रही है। सैन फ्रांसिस्को एयरपोर्ट पर नया लाउंज फरवरी 2026 तक तैयार होने की बात कही जा रही है। यह लाउंज, दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु से कनेक्ट होने वाली उड़ानों के यात्रियों के लिए सुविधा प्रदान करेगा।
यह एअर इंडिया का अमेरिका में न्यूयार्क के जेएफके एयरपोर्ट के बाद दूसरा लाउंज होगा। न्यूयार्क के जेएफके एयरपोर्ट पर मौजूदा महाराजा लाउंज का अपग्रेड इस वर्ष मार्च तक तैयार हो जाएगा। भविष्य में लंदन या दुबई में भी लाउंज बने, इसकी संभावना भी तलाशी जा रही है।
क्या होंगी सुविधाएं?
- महाराजा लाउंज में हाई-स्पीड वाईफाई, प्राइवेट वर्कस्टेशंस, शॉवर सूट्स और मसाज चेयर्स उपलब्ध होंगे।
- डाइनिंग में इंडियन और इंटरनेशनल कुजीन का मिक्स है, जैसे तंदूरी डिशेज, फ्रेश सलाद्स, वाइन सेलेक्शन और स्पेशल काकटेल्स।
- नए लाउंज में योगा जोन व क्वाइट जोंस भी जोड़ा गया है, जो लंबी उड़ानों से पहले जरूरी आराम के लिए डिजाइन किया गया है।
- बच्चों के लिए प्ले एरिया और बिजनेस मीटिंग रूम्स भी हैं।
क्यों पड़ी जरूरत और क्या होगा नया?
एअर इंडिया के महाराजा लाउंज को अपग्रेड करना या नए लाउंज खोलना टाटा ग्रुप के अधिग्रहण के बाद शुरू हुई बड़ी ट्रांसफार्मेशन योजना विहान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह योजना एअर इंडिया को विश्व-स्तरीय एयरलाइन बनाने पर फोकस करती है, जिसमें फ्लीट अपग्रेड, बेहतर सर्विस, नए मेन्यू और ग्राउंड एक्सपीरियंस जैसे लाउंज शामिल हैं।
पुराने लाउंज पुरानी सरकारी एयरलाइन के समय के थे। उनमें बेसिक सुविधाएं, पुराना डिजाइन और कई जगहों पर शिकायतें (जैसे बदबू, कम स्पेस) मिलती थी। इसके बाद इन्हें अपग्रेड करने का निर्णय प्रबंधन ने लिया ताकि प्रीमियम पैसेंजर्स को ग्लोबल स्टैंडर्ड्स (जैसे सिंगापुर एयरलाइंस या एमिरेट्स) का अनुभव मिले।
नया महाराजा लाउंज पहले की तुलना में बड़ा, मॉडर्न और वर्ल्ड-क्लास है। एअर इंडिया का कहना है कि वर्ष 2026 में बेड़े में नए विमान आएंगे, मेन्यू अपग्रेड होंगे और नेटवर्क बढ़ेगा, ऐसे में हमारे अपग्रेडेड या नए लाउंज इससे मैच करेंगे। |