लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलते विधायक पंकज सिंह। सौ. कार्यकर्ता
जागरण संवाददाता, नोएडा। नोएडा विधायक पंकज सिंह ने क्षेत्र के विकास और लोगों की सुरक्षा-सुगमता व सहायता के लिए लखनऊ ही नहीं, दिल्ली में भी आवाज बुलंद की है। उन्होंने एक बार फिर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जनपद के अस्पतालों में भर्ती कैंसर मरीजों को प्रदेश सरकार से बिना कटौती के सौ फीसदी आर्थिक मदद देने का मुद्दा उठाया है।
मुख्यमंत्री ने भी विधायक की बात का समर्थन कर अधीनस्थ अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं। विधायक पंकज सिंह ने कैंसर मरीजों की पीड़ा को समझते हुए उन्हें आर्थिक मदद दिलाने के लिए मुख्यमंत्री के समक्ष मुद्दे को उठाया है।
इसके पीछे तर्क है कि नोएडा विधानसभा क्षेत्र के प्राइवेट अस्पतालों में न केवल नोएडा बल्कि राज्य के विभिन्न जनपदों के मरीज भी गंभीर बीमारियों के चलते भर्ती हैं या वरिष्ठ चिकित्सकों से अपना इलाज कराते हैं।
कैंसर जैसी गंभीर बीमारी में मरीज का लंबे समय तक इलाज चलता है। इसमें स्वजन को आर्थिक बोझ झेलना पड़ता है। कई मामलों में लोग जीवनभर की पूंजी लगाने के बावजूद अपने मरीज की जान नहीं बचा पाते हैं। ऐसे में उन्हें आर्थिक मदद देने के लिए प्रदेश सरकार से सौ फीसदी भुगतान किया जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री योगी ने भी नोएडा विधायक की बात से मरीजों की पीड़ा महसूस की। तुरंत सभी जनप्रतिनिधियों की तरफ से मिलने वाले पत्रों पर अधिकारियों को आर्थिक सहयोग के लिए उचित दिशा-निर्देश दिए। |
|