LHC0088 • 2026-1-11 11:26:56 • views 455
सड़क पर सांड।
संवाद सूत्र, जागरण। घुंघचाई (पूरनपुर)। थाना के सामने नेशनल हाईवे पर शनिवार को दो सांड आपस में भिड़ने से अफरातफरी मच गई। लड़ाई से हाईवे पर चल रहे वाहनों के पहिए थम गए। दोनों ओर जाम लग गया। काफी देर बाद पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सांडों को खदेड़ा। इसके बाद राहगीर रवाना हुए।
राहगीरों में हुई भारी दहशत, यातायात हुआ बाधित
क्षेत्र में बेसहारा पशुओं की दिन पर प्रतिदिन संख्या बढ़ती जा रही है। नेशनल हाईवे पर बड़ी संख्या में घूम रहे बेसहारा पशुओं के झुंड राहगीरों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। दिन रात हाईवे और अन्य सड़कों पर बेसहारा पशुओं के विचरण से लगातार सड़क हादसे का शिकार होकर लोग जान गंवा रहे हैं। शनिवार को दोपहर घुंघचाई थाने के सामने नेशनल हाईवे पर बेसहारा पशुओं के झुंड में दो सांड आपस में भिड़ गए।
अक्सर बेसहारा पशुओं का अखाड़ा बनता है हाईवे
सांडों की लड़ाई से हाईवे से गुजरने वाले राहगीरों और आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। नेशनल हाईवे के दोनों तरफ वाहनों का जाम लग गया। करीब आधे घंटे तक सांड हाईवे पर लड़ते रहे। लोग सांडों को अलग करने का प्रयास करते रहे लेकिन सफलता नहीं मिली। आधे घंटे बाद पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से लाठी डंडों के सहारे हाईवे से सांडों को खदेड़ कर भगाया। इसके बाद आवागमन शुरू हो सका। अक्सर हाईवे बेसहारा पशुओं का जंगल का अखाड़ा बन जाता है। इससे राहगीरों को परेशानी हो रही है। |
|