LHC0088 • 2 hour(s) ago • views 797
नाबालिग से हैवानियत (प्रतीकात्मक चित्र)
डिजिटल डेस्क, इंदौर। उज्जैन के पंवासा थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। इलाके में रहने वाले एक किशोर के साथ मारपीट कर उसे निर्वस्त्र कर करीब डेढ़ किलोमीटर घुमाया गया। इतना ही नहीं, उसे बेरहमी से पीटा भी गया, जिससे उसके हाथ की हड्डी टूट गई। इंटरनेट मीडिया पर इस घटना का वीडियो बहुप्रसारित हो रहा है।
पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। किशोर का कहना है कि वह डेढ़ माह से अपने रिश्तेदार के यहां रह रहा था। मां की तबीयत खराब होने पर वह उज्जैन आया था। जहां उसे पकड़कर उसके साथ बर्बरता की गई।
पंवासा टीआई गमरसिंह मंडलोई ने बताया कि थाना क्षेत्र में रहने वाली एक नाबालिग को क्षेत्र में ही रहने वाला किशोर करीब तीन माह पूर्व भगाकर ले गया था। स्वजन की शिकायत पर पुलिस ने किशोरी को बरामद कर किशोर को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने उसे दुष्कर्म के मामले में कोर्ट में पेश किया था। जहां से उसे बाल संप्रेषणगृह भेजने के आदेश जारी कर दिए गए थे।
यह भी पढ़ें- हाईप्रोफाइल पार्टियों में MD ड्रग्स की सप्लाई का पर्दाफाश, इंदौर में इवेंट कंपनी संचालक समेत 3 गिरफ्तार
करीब डेढ़ माह पूर्व आरोपh किशोर की जमानत हो गई थी। जिसके बाद वह देवास में अपने रिश्तेदार के यहां रह रहा था। मां की तबीयत खराब होने पर वह उसका उपचार करवाने के लिए गुरुवार को उज्जैन आया था। जहां किशोर के स्वजन ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ जमकर मारपीट की गई। इस दौरान उसे निर्वस्त्र कर डेढ़ किलोमीटर पैदल घुमाकर पंवासा थाने ले गए थे। जहां पुलिसकर्मियों ने उसे थाने के बाहर देखकर आरोपितों से छुडवाया और कपड़े पहनाए थे।
पुलिस ने देर शाम को सभी आरोपितों को छोड़ दिया था। शुक्रवार को किशोर अपनी मां के साथ पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचा और उसने शिकायत की थी। नाबालिग को नग्न घुमाने का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित हो रहा था। शिकायत के बाद पुलिस हरकत में आई और पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। |
|