LHC0088 • 6 hour(s) ago • views 463
वरिष्ठ नेताओं से मिलकर भाजपा अध्यक्ष प्रत्याशी फाइनल करने से लेकर चुनाव की रणनीति पर चर्चा करेंगे।
बलवान करिवाल, चंडीगढ़। मेयर चुनाव नामांकन के लिए तीन दिन शेष बचे हैं। इस बीच प्रत्याशी के लिए लाइन में पार्षदों की धड़कनें बढ़ रही हैं। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी के नाम पर सोमवार को दिल्ली में मुहर लग जाएगी।
चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा दिल्ली में वरिष्ठ नेताओं से मिलेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यभार संभालने के बाद चंडीगढ़ की राजनीति पर मंथन होगा। वरिष्ठ नेताओं से मिलकर भाजपा अध्यक्ष प्रत्याशी फाइनल करने से लेकर चुनाव की रणनीति पर चर्चा करेंगे।
साथ ही नगर निगम चुनाव की तैयारियों से भी वरिष्ठ नेताओं को अवगत कराएंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष को चंडीगढ़ आने का न्योता भी जितेंद्र मल्होत्रा देंगे। मेयर प्रत्याशी के लिए भाजपा में पार्षद सौरभ जोशी और महेशइंद्र सिंह सिद्धू के नाम सबसे आगे चल रहे हैं।
अब एक नाम राजेंद्र शर्मा की भी चर्चा होने लगी है। हालांकि, भाजपा यह स्पष्ट कर चुकी है कि नामांकन के दिन ही प्रत्याशी की घोषणा करेंगे। लेकिन सोमवार को प्रत्याशी के नाम पर दिल्ली में मुहर लग जाएगी।
वहीं आप में अब एक नया नाम अंजू कटियाल का भी चर्चा में है। यह मेयर चुनाव जितना भाजपा के लिए जरूरी है उतना ही आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की भी नाक का सवाल है। इसका कारण यह है कि दो महीने बाद पंजाब और हरियाणा में नगर निगम चुनाव होने हैं। साल के आखिर तक पंजाब में विधानसभा चुनाव होने हैं।
कांग्रेस और भाजपा अध्यक्ष में जुबानी जंग
चंडीगढ़ में मेयर चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस और भाजपा अध्यक्ष के बीच मेयर चुनाव से पहले जुबानी जंग तेज हो गई है। दोनों नेता एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगा रहे हैं। भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र मल्होत्रा ने जो आरोप कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की पर लगाए थे रविवार को लक्की ने उनका जवाब दिया।
लक्की ने यह दिया जवाब
चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने कहा कि जितेंद्र मल्होत्रा ने भाषा की मर्यादा को तार तार किया है। वह पढ़े लिखे शहर चंडीगढ़ के निवासी हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि चंडीगढ़ मेयर चुनाव में कांग्रेस ने बिना किसी शर्त और बिना कोई मांग रखे आम आदमी पार्टी को समर्थन देने की घोषणा की है।
उन्होंने कहा कि यह फैसला लोकतांत्रिक मूल्यों और भाजपा को सत्ता से बाहर रखने की राजनीतिक रणनीति के तहत लिया गया है। लक्की ने भाजपा अध्यक्ष जितेन्द्र मल्होत्रा के कांग्रेस पर लगाए गए आरोपों को निराधार और भ्रामक बताया।
उन्होंने कहा कि भाजपा मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए बेबुनियाद आरोप लगा रही है, जबकि कांग्रेस पारदर्शिता और जनहित की राजनीति में विश्वास रखती है। मुद्दों की राजनीतिक करती है। फिर चाहे 24 घंटे पानी के प्रोजेक्ट, पार्किंग घोटाला, डंपिंग ग्राउंड पर कचरे का पहाड़ हो।
भाजपा अध्यक्ष मल्होत्रा के शब्दबाण
भाजपा अध्यक्ष जितेन्द्र मल्होत्रा ने आरोप लगाए थे कि कांग्रेस अवसरवादी राजनीति कर रही है और पर्दे के पीछे सौदेबाजी की जा रही है। मल्होत्रा ने कहा था कि कांग्रेस अध्यक्ष 125 वर्ष पुरानी पार्टी को नीलाम कर रहे हैं। इतनी बड़ी पार्टी को नीचे लगा दिया है।
अपने निजी स्वार्थों के लिए कांग्रेस अध्यक्ष ऐसा कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष पर निजी आरोप भी लगाए थे। पारिवारिक फायदा लेने के आरोप लगाए थे। साथ ही आप से बड़ी डील के बदले पूरी कांग्रेस को नीलाम करने की बात कही थी। |
|