नगर निगम प्राथमिक विद्यालय में महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह ने ध्वजारोहण किया।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। गणतंत्र दिवस के अवसर पर अशोक विहार फेज-एक ई-ब्लॉक स्थित नगर निगम प्राथमिक विद्यालय में महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह ने ध्वजारोहण किया। महापौर ने घोषणा की कि पीएम श्री स्कूल एवं सीएम श्री स्कूल की तर्ज पर अब दिल्ली नगर निगम भी \“निगम श्री स्कूल\“ शुरू करेगा।
प्रारंभिक चरण में प्रत्येक जोन में दो-दो निगम श्री स्कूल बनाए जाएंगे, जिनमें प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। इन स्कूलों में विशेष रूप से बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें भविष्य के लिए तैयार करने पर ध्यान दिया जाएगा।
राजा इकबाल सिंह ने सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी
शनिवार को आयोजित समारोह में महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह ने सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी और कहा कि दिल्ली नगर निगम के स्कूलों का स्तर और अधिक ऊंचा करेंगे। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि शहर को साफ व स्वच्छ रखने में निगम का सहयोग करे, खुले में कूड़ा न जलाए, सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करे।
उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम अपने स्कूलों में आधुनिक शिक्षा पद्धतियों को अपनाते हुए शिक्षा के स्तर को लगातार सुधार रहा है। स्कूलों में स्मार्ट बोर्ड जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे बच्चों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की मजबूत नींव शिक्षा, संस्कार और अनुशासन से बनती है।
100 प्रतिभावान विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा
कार्यक्रम अध्यक्ष नगर निगम की शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा ने बताया कि प्रत्येक वर्ष पांचवीं कक्षा के 100 प्रतिभावान विद्यार्थियों का चयन कर उनके नाम निगम की वेबसाइट पर प्रकाशित किए जाएंगे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं बच्चों की देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों के साथ हुआ।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में 10 नई गोशालाएं खुलेंगी, यमुना सफाई पर 10 हजार करोड़ रुपये होंगे खर्च: CM रेखा गुप्ता |
|