search

तामेश्वरनाथ धाम को मिलेगा काशी-अयोध्या जैसा भव्य रूप... फोरलेन होगा कॉरिडोर मार्ग, मंदिर में लगेंगी विक्टोरिया लाइट

deltin33 2026-1-26 11:57:18 views 590
  

प्राचीन तामेश्वरनाथ धाम



एसके सिंह, जागरण संतकबीर नगर। पर्यटकों और दर्शनार्थियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पूर्वांचल के प्रसिद्ध तीर्थस्थल तामेश्वरनाथ धाम में जनसुविधाओं के विकास की कवायद तेज हो गई है। मंदिर तक पहुंचने वाले कॉरिडोर मार्ग को फोरलेन में तब्दील किया जाएगा, जबकि मंदिर परिसर से जुड़ने वाला मार्ग टू लेन होगा।

इसके साथ ही पूरे मार्ग और मंदिर परिसर को विक्टोरिया लाइट से जगमग करने के लिए 45 करोड़ 50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। फरवरी से निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।

तामेश्वरनाथ धाम पूर्वांचल का प्रमुख तीर्थस्थल है। यहां स्थित प्राचीन शिव मंदिर में श्रावण मास के दौरान शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है। वर्ष भर धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला चलता रहता है। लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र होने के कारण मंदिर के समग्र विकास की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मई 2025 में धाम के आगमन के दौरान तामेश्वरनाथ धाम कॉरिडोर निर्माण की घोषणा की थी। इसके बाद पर्यटन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वास्तुविद की देखरेख में कॉरिडोर की डिजाइन तैयार होने के बाद किसानों की सहमति से भूमि क्रय करने की प्रक्रिया जारी है। बहरहाल कॉरिडोर निर्माण से पहले सड़क, ड्रेनेज, पाथवे और पथ प्रकाश की समुचित व्यवस्था की जाएगी।

  

परियोजना के तहत गिरधरपुर से तामेश्वरनाथ धाम होते हुए एनएच-328 तक 4.30 किमी लंबे मार्ग का नव निर्माण होगा। इसमें 1.10 किमी मार्ग फोरलेन तथा शेष भाग टू लेन बनाया जाएगा। आबादी क्षेत्र में जलनिकासी के लिए कवर्ड नाला बनेगा। इसके साथ पाथवे, डिवाइडर और रोड सेफ्टी से जुड़े कार्य भी कराए जाएंगे।

पूरे मार्ग और मंदिर परिसर को आकर्षक विक्टोरिया लाइट से रोशन किया जाएगा। जिससे रात्रि में इसकी भव्यता और बढ़ेगी। मंदिर के चारों ओर आध्यात्मिक वातावरण सृजित करने के लिए साफ-सफाई, हरियाली और आकर्षक स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था होगी। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित होने वाला यह कॉरिडोर भविष्य में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए बड़ा आकर्षण बनेगा।

कार्यदायी संस्था के अनुसार, सड़कों के डिवाइडर पर प्रत्येक 30 मीटर की दूरी पर विक्टोरिया लाइट और हरियाली के लिए पौधे लगाए जाएंगे। सड़क के दोनों ओर फुटपाथ बनेगा, जिस पर हर 25 मीटर पर लाइट लगाई जाएगी। फुटपाथ के नीचे ड्रेन और यूटिलिटी डक्ट (तार आदि के लिए) होगा।



तामेश्वरनाथ धाम कॉरिडोर के लिए 45.50 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे फोरलेन और टू लेन सड़क, कवर्ड नाली, श्रद्धालुओं के लिए पाथवे और पथ प्रकाश के लिए विक्टोरिया लाइट लगाई जाएंगी। टेंडर प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।


                                                          आरके पांडेय, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग।
like (0)
deltin33administrator

Post a reply

loginto write comments
deltin33

He hasn't introduced himself yet.

1510K

Threads

0

Posts

4710K

Credits

administrator

Credits
478131