प्रतीकात्मक फोटो
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। अमेजन के पार्सल ने तीन लोगों ने मिलकर 5.27 लाख रुपये के सोने के सिक्के चोरी कर लिये। बेंगलुरु को वापस किए गए पार्सल की जांच के बाद यह राजफाश हुआ। इसके बाद एमएस वाटर मेलन कंपनी के सुपरवाइजर ने काेरियर कंपनी के कर्मचारी समेत तीन लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच में लगी है।
बेंगलुरु स्थित अमेजन कंपनी के मुख्यालय से नई मंडी के गांधी कालोनी निवासी लाेकेश, आशुतोष और नीलम के नाम से 30 और 31 जनवरी को पांच प्रीपेड पार्सल आए थे, इनके अंदर सोने के सिक्के थे।
इन पार्सल को जानसठ रोड स्थित ब्लू कार्ड कोरियर कंपनी को भेजे गए। ब्लू कार्ड काेरियर के कर्मचारी केशवल पाल और जानूपाल को पार्सल लेने वाले युवक लोकेश ने फोन कर टिकैत चौक पर बुलाया था। यहां पर दोनों कर्मचारियों को पांच-पांच सौ रुपये देकर पांचों पार्सल ले लिए और 10 मिनट की प्रतीक्षा करने का हवाला दिया।
इसके बाद लोकेश ने दोनों कर्मियों को पार्सल लौटा दिए। इसके बाद रिफ्यूजल पार्सल अमेजन के बेंगलुरु स्थित वेयर हाउस पहुंचे तो पार्सल के अंदर खाली बाक्स निकले। इनके अंदर रखे सोने के सिक्के गायब थे। आरोपित लोकेश ने जानूपाल, केशवपाल के साथ मिलकर लगभग 5,27 लाख रुपये के सोने के सिक्के हड़पे हैं।
इस मामले को लेकर ब्लू कार्ड को मैन पावर आपूर्ति करने वाली संस्था एमएस वाटर मेलन के सुपरवाइजर विनोद पाल पुत्र रोहताश पाल निवासी दीपक कालोनी, थाना सिहानीगेट, गाजियाबाद ने गुरुवार को मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच में लगी है। |