search

बस्ती-अंबेडकर नगर को जोड़ने वाले कलवारी-टांडा मार्ग पर नए पुल की मांग, MLC सुभाष यदुवंश ने उठाया मुद्दा

cy520520 1 hour(s) ago views 63
  

भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं विधान परिषद सदस्य सुभाष यदुवंश। जागरण  



जागरण संवाददाता, बस्ती। दैनिक जागरण में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं विधान परिषद सदस्य सुभाष यदुवंश ने गुरुवार को विधान परिषद में महत्वपूर्ण सूचना प्रस्तुत करते हुए बस्ती जनपद को अंबेडकर नगर से जोड़ने वाले कलवारी–टांडा मार्ग पर एक नए, आधुनिक एवं चौड़े पुल के निर्माण की मांग उठाई।

सदन को संबोधित करते हुए सुभाष यदुवंश ने कहा कि यह पुल केवल दो जनपदों को जोड़ने का माध्यम नहीं है, बल्कि पूर्वांचल के सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, अंबेडकर नगर, बस्ती सहित अनेक जिलों को नेपाल सीमा से जोड़ने वाला एक अत्यंत महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। व्यापार, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और सीमावर्ती आवागमन की दृष्टि से यह मार्ग रणनीतिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में इस मार्ग पर केवल एक पुराना एवं अत्यंत संकरा पुल विद्यमान है, जिसकी चौड़ाई आज की यातायात आवश्यकताओं के अनुरूप नहीं है। भारी वाहनों, यात्री बसों, एम्बुलेंस एवं दैनिक यातायात के कारण यहां निरंतर भीषण जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे आम नागरिकों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ता है, दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है और आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित होती हैं।

कहा कि यह स्थिति केवल असुविधा का विषय नहीं है, बल्कि आर्थिक क्षति, समय की बर्बादी और जन-सुरक्षा से जुड़ा गंभीर प्रश्न बन चुकी है। पूर्वांचल के संतुलित विकास, नेपाल से व्यापारिक संपर्क को सुदृढ़ करने और क्षेत्रीय समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए इस मार्ग पर एक नए, सुदृढ़ एवं आधुनिक पुल का निर्माण अब अत्यंत आवश्यक हो गया है।

यह भी पढ़ें- रामपुर अधिवक्ता हत्या पर बस्ती में वकीलों का प्रदर्शन, एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट की कर रहे मांग

उन्होंने सदन के माध्यम से सरकार से आग्रह किया कि कलवारी–टांडा मार्ग पर अतिशीघ्र नए पुल के निर्माण की स्वीकृति प्रदान कर आवश्यक बजट आवंटित किया जाए, ताकि क्षेत्र की जनता को जाम, दुर्घटनाओं और असुविधाओं से राहत मिल सके तथा विकास को नई गति मिले।

भारतीय जनता पार्टी सदैव क्षेत्रीय विकास, सुगम यातायात और जनता की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध रही है। डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में प्रदेश के हर कोने में आधारभूत संरचना का तीव्र विकास हो रहा है। यह मांग भी पूर्वांचल के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1510K

Credits

Forum Veteran

Credits
156241