सड़क हादसों से दहला बगहा
जागरण संवाददाता, बगहा। रामनगर व चौतरवा थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक अधेड़ की मौत हो गई, जबकि दंपती समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
गुरुवार सुबह रामनगर थाना क्षेत्र के डैनमरवा गांव निवासी 58 वर्षीय सैयद मोहम्मद नेसार उर्फ टुन्ना अपने पीपरा माफी स्थित खेत से बाइक से घर लौट रहे थे। उनके साथ पीपरा माफी निवासी स्व. ऐनुल मियां के 65 वर्षीय पुत्र अलादीन मियां भी सवार थे।
जेसीबी ने बाइक को मारी टक्कर
इमलिया टोला के समीप मिट्टी भराई में लगे जेसीबी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने नेसार को मृत घोषित कर दिया, जबकि अलादीन मियां को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच रेफर किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन व ग्रामीण बड़ी संख्या में पीएचसी पहुंचे और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। बाद में प्रशासन व स्थानीय लोगों के समझाने पर स्थिति शांत हुई। आक्रोशित लोगों ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी में तोड़फोड़ भी की।
सड़क पर सियार आ जाने से बाइक सवार गिरा
दूसरी घटना चौतरवा–रतवल मुख्य मार्ग पर बुधवार रात हुई, जहां अचानक सड़क पर सियार आ जाने से बाइक चालक संतुलन खो बैठा। बाइक सवार दंपती सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है। |