LHC0088 • 1 hour(s) ago • views 432
पटना विश्वविद्यालय
जागरण संवाददाता, पटना। पटना विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रसंघ चुनाव को देखते हुए छात्रावासों में रह रहे अवैध छात्रों और उनके रिश्तेदारों को छात्रावास खाली करने का आदेश दिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रावास अधीक्षक और कालेज के प्राचार्यों को पत्र लिखकर निर्देश दिया है कि वे छात्रावासों में अवैध रूप से रह रहे छात्रों को चिन्हित करें और इसकी सूचना पुलिस प्रशासन को देंगे।
छात्रावास में वहीं छात्र रहेंगे जिनके नाम से कमरा आवंटित हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी प्रो. शंकर कुमार ने बताया कि चुनाव के दौरान छात्रावासों में पुलिस की छापेमारी कभी भी हो सकती हैं। इसके लिए पुलिस प्रशासन को पत्र लिखा गया है। जिनके नाम से कमरा आवंटित है वे अपने पास पहचान पत्र और छात्रावास आवंटन की रसीद रखेंगे, ताकि छापेमारी के दौरान वे छात्र अपनी पहचान प्रमाणित कर सकें।
अभिभावक व रिश्तेदार को भी रहने की अनुमति नहीं
विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा है कि चुनाव के दौरान छात्रावास में रहे छात्रों के अभिभावक और रिश्तेदार को भी छात्रावास में रहने की अनुमति नहीं है। चुनाव के दौरान छात्रावास में किसी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश नहीं होगा। इस दौरान कोई बाहरी व्यक्ति छात्रावास में रहते हुए पकड़ा जाएगा उस विधिवत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
राजनीतिक दलों नेताओं के कैंपस में प्रवेश पर रोक
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि छात्र संघ चुनाव के दौरान किसी भी राजनीतिक दल के नेता कैंपस में प्रवेश नहीं करेंगे। यहां पढ़ने वाले छात्र संगठनों के सदस्य कैंपस प्रचार अभियान में शामिल होंगे। संपर्क अभियान के दौरान लाउडस्पीकर का प्रयोग नहीं किया जाएगा।
उम्मीदवार अपने चार समर्थकों के साथ कैंपस संपर्क अभियान चलाएंगे। संपर्क अभियान के दौरान कक्षाएं बाधित नहीं होनी चाहिए। बांकी समर्थक कालेज या विभाग के मुख्य द्वारा पर ही रूकेंगे। संपर्क अभियान के दौरान किसी भी छात्र या छात्रा के साथ अभद्र व्यवहार नहीं करेंगे।
दूसरे दिन 48 नामिनेशन फार्म बिका
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी प्रो. शंकर कुमार ने बताया कि नामिनेशन फार्म की बिक्री प्रारंभ है। दूसरे दिन गुरुवार को छात्र संगठनों ने कुल 48 नामिनेशन फार्म खरीदी। जिसमें 20 सेंट्रल पैनल और 28 काउंसलर पद के लिए नामिनेशन फार्म की बिक्री हुई।
इससे पहले 11 फरवरी को कुल 32 नामिनेशन फार्म छात्र संगठनों ने खरीदी थी। उन्होंने बताया कि 14 फरवरी तक नामिनेशन फार्म की बिक्री की जाएगी। 16 से 19 फरवरी तक नामिनेशन करना है। |
|