कैप्शन: वैष्णो देवी से नई दिल्ली और वारणसी के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें (File Photo)
होली पर घर जाना होगा आसान, वैष्णो देवी से नई दिल्ली और वारणसी के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें; चेक करें लिस्ट
होली पर जम्मू मंडल की सौगात, कटड़ा से नई दिल्ली व वाराणसी के लिए चलेंगी विशेष ट्रेनें
जागरण संवाददाता, जम्मू। होली पर्व पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने विशेष आरक्षित ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से नई दिल्ली के लिए विशेष ट्रेन संख्या 04081/04082 तथा कटड़ा से वाराणसी के लिए विशेष ट्रेन संख्या 04603/04604 चलाई जाएंगी।
इन ट्रेनों का उद्देश्य त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुगम, सुरक्षित और सुनिश्चित यात्रा सुविधा प्रदान करना है। होली पर्व पर नई दिल्ली–कटड़ा विशेष ट्रेन 04081 नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा के लिए 21 फरवरी से 8 मार्च तक 16 फेरों में संचालित होगी। यह ट्रेन नई दिल्ली से रात्रि 11:45 बजे प्रस्थान कर अगले दिन दोपहर 12:00 बजे कटड़ा पहुंचेगी।
मार्ग में यह ट्रेन पानीपत, कुरुक्षेत्र, अंबाला कैंट, लुधियाना, जालंधर कैंट, पठानकोट कैंट, जम्मू तथा शहीद कैप्टन तुषार महाजन (ऊधमपुर) रेलवे स्टेशनों पर ठहरेगी।
नौ फरवरी तक 16 फेरे लगाएगी ट्रेन
ट्रेन संख्या 04082 श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से नई दिल्ली के लिए 22 फरवरी से नौ मार्च तक 16 फेरों में चलाई जाएगी। यह ट्रेन कटरा से रात्रि 9:20 बजे प्रस्थान कर अगले दिन प्रातः 10:00 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
इसके ठहराव 04081 के समान ही रहेंगे। ट्रेन संख्या 04603 वाराणसी से कटड़ा के लिए 24 फरवरी से 8 मार्च तक चार फेरों में संचालित होगी। यह ट्रेन प्रातः 5 बजे वाराणसी से प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 6 बजे कटड़ा पहुंचेगी।
मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, रायबरेली, लखनऊ, आलमनगर, बरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर, अंबाला कैंट, लुधियाना, जालंधर कैंट, पठानकोट कैंट, जम्मू तथा शहीद कैप्टन तुषार महाजन रेलवे स्टेशनों पर ठहराव रहेगा। ट्रेन संख्या 04604 कटड़ा से वाराणसी के लिए 22 फरवरी से 6 मार्च तक चार फेरों में संचालित की जाएगी। यह ट्रेन सायं 6:15 बजे कटड़ा से प्रस्थान कर अगले दिन सायं 7:00 बजे वाराणसी पहुंचेगी। इसके ठहराव 04603 के समान रहेंगे।
पर्यटन को भी मिलेगा बढ़ावा
पर्यटन को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन द्वारा पश्चिम रेलवे के प्रतापनगर रेलवे स्टेशन से श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा के लिए टूरिस्ट ट्रेन संख्या 00913 संचालित की गई है। यह पूर्ण किराया दर वाली विशेष पर्यटक ट्रेन 11 फरवरी को प्रतापनगर से रवाना होकर अमृतसर मार्ग से 14 फरवरी को कटड़ा पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन 16 फरवरी को कटड़ा से प्रस्थान कर 18 फरवरी को प्रतापनगर (गुजरात) पहुंचेगी। |
|