शव को हाथ में लेकर रोता परिवार।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। पंजाब के अमृतसर में थाना इस्लामाबाद के अधीन आते कोट खालसा इलाके में 26 वर्षीय फुटबॉल खिलाड़ी आकाश की नशे की ओवरडोज से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतक के परिवार ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र में खुलेआम नशा बिक रहा है और पुलिस इसे रोकने में नाकाम साबित हो रही है।
परिजनों के अनुसार आकाश बीएससी की पढ़ाई कर रहा था और फुटबॉल का अच्छा खिलाड़ी था। करीब तीन वर्ष पहले उसे नशे की लत लग गई थी। शुरुआत में वह शराब का सेवन करने लगा, लेकिन धीरे-धीरे मेडिकल नशे का आदी हो गया। परिवार ने उसे दो बार नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती करवाया था।
आकाश के पिता अशोक सैनी पंजाब पुलिस के होम गार्ड में तैनात हैं। उन्होंने बताया कि दस दिन पहले बेटे को दोबारा नशा मुक्ति केंद्र में दाखिल करवाया गया था। शुक्रवार दोपहर ही वह उसे घर लेकर आए थे। परिवार को उम्मीद थी कि इस बार वह पूरी तरह ठीक होकर नई शुरुआत करेगा।
यह भी पढ़ें- BSF में रिश्वतखोरी, 36 जवानों से वसूले लाखों रुपये, CBI ने हेड कॉन्स्टेबल समेत आठ पर किया केस दर्ज
लौटने के कुछ घंटों बाद दोस्तों संग निकल गया
बताया जा रहा है कि घर लौटने के कुछ घंटों बाद ही आकाश अपने दोस्तों के साथ बाहर चला गया। वहीं उसने कथित तौर पर नशे का टीका लगा लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद उसके साथ मौजूद दोस्त मौके से फरार हो गए।
मौत की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए और पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों ने आरोप लगाया कि इलाके में नशा तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही, जिसके कारण युवाओं की जान जा रही है।
यह भी पढ़ें- तरनतारन लॉ कॉलेज गोलीकांड में तीन ऑडियो वायरल, एक में अफीम-भुक्की का जिक्र; जांच में जुड़ा नया नाम
शव कब्जे में लेकर जांच शुरू
थाना इस्लामाबाद के इंस्पेक्टर हरसंदीप सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिवार के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना ने एक बार फिर शहर में बढ़ते नशे के कारोबार और युवाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें- गुरदासपुर में दो गाड़ियों की भिड़ंत; तेज रफ्तार का कहर, इनोवा व ब्लैरो की टक्कर, चालक के खिलाफ मामला दर्ज |