प्रयागराज के नैनी में ठेकेदार की हत्या के बाद बिलखते परिवार के लोग। जागरण
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। जनपद में हैवानियत भरी घटना को अंजाम दिया गया। पिता की समाधि पर लघुशंका करने से मना पर करने पर एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। उसके मुंह में सरिया घुसेड़ दिया गया था। वारदात को अंजाम मऊ जनपद के चिरई कोट थाने में तैनात एक सिपाही और उसके रिश्तेदारों ने दिया। पुलिस ने आरोपित सिपाही समेत छह को गिरफ्तार कर लिया है।
नैनी के मड़ौका की घटना
नैनी क्षेत्र के मड़ौका निवासी राम सुमेर निषाद के तीन बेटों में से दूसरे नंबर का बेटा 45 वर्षीय राजेश कुमार निषाद उर्फ नेता मकानों में पेंट करने का ठेका लेता था। उसके मकान के समीप स्थित एक गेस्ट हाउस में गुरुवार की रात पड़ोस में रहने वाले नन्हकऊ कनौजिया की बेटी की शादी थी।
बेहोश होने के बाद मुंह में डाल दी सरिया
बरात गेस्ट हाउस के करीब ही थी। उसी समय बरात में आया युवक राजेश के पिता की समाधि स्थल पर लघुशंका करने लगा। विरोध करने पर बराती और घराती पक्ष के लोगों ने राजेश पर हमला बोल दिया। पिटाई से जब वह बेहोश होकर नीचे गिर गया, उसके मुंह में लोहे की सरिया घुसेड़ दी।
खाली प्लाट में शव फेंककर हत्यारे फरार
बताते हैं कि मारने के बाद उसके शव को खाली प्लाट पर फेंककर हत्यारे भाग निकले। घटना की जानकारी होने पर मृतक के परिवार वाले जब मौके पर पहुंचे और काफी खोजबीन की, तब जाकर राजेश का शव खाली प्लाट पर पड़ा मिला।
सिपाही समेत इन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
एसीपी करछना का कहना है कि नामजद आरोपितों में मऊ पुलिस लाइन में तैनात सिपाही सुनील कुमार कनौजिया पुत्र फूलचंद्र, रतन कनौजिया, अंकित कनौजिया, बंटी कनौजिया पुत्र नन्हकऊ, अभिषेक उर्फ राहुल पुत्र गंगा प्रसाद और राजेश कनौजिया पुत्र प्यारे लाल को गिरफ्तार किया गया है। उधर, राजेश की पत्नी संगीता घटना के बाद से बेसुध है। बेटे मान व शान और बेटी लाडो की रो-रो कर हालत खराब है।
बिना द्वारपूजा के ही लौट गई बरात
मड़ौका गांव में स्थित संजय गेस्ट हाउस में गुरुवार की रात आई बरात बिना द्वार पूजे के ही वापस लौट गई। गेस्ट हाउस पहुंचने से पहले ही एक युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने की जानकारी होने के बाद दूल्हा कार से उतरा ही नहीं। आनानफानन बराती वहां से वापस लौट गए। देखते ही देखते वहां मातम छा गया। मड़ौका गांव निवासी नन्हकऊ कनौजिया की बेटी की शादी समारोह गुरुवार को संजय गेस्ट हाउस में होना था। नारीबारी से बरात आई हुई थी। बरात देर शाम जनवासे से उठकर गेस्ट हाउस के लिए रवाना हुई थी। युवा डीजे पर बज रहे गाने पर थिरक रहे थे। बरात गेस्ट हाउस पहुंचने वाली थी, उसी समय घटना हो गई।
यह भी पढ़ें- प्रयागराज में फंदे पर लटका मिला छात्र, एक छात्रा और उसके साथियों पर ब्लैकमेलिंग का आरोप, घरवालों ने किया हंगामा
यह भी पढ़ें- गुटखा लाने के विवाद में दर्ज एससी-एसटी केस रद करने को दायर याचिका इलाहाबाद हाई कोर्ट में खारिज |