search

चाय के खर्च में 17 लाख रुपये का बीमा, पोस्ट ऑफिस में शुरू हुई सस्ती हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम

cy520520 1 hour(s) ago views 835
  

पोस्ट ऑफिस की हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम। फाइल फोटो



सच्चिदानंद, मेदिनीनगर (पलामू)। आम लोगों को सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य बीमा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में डाक विभाग ने नई पहल की है। इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) और निवा बुपा हेल्थ इंश्योरेंस के बीच हुए करार के बाद अब पोस्ट ऑफिस से जुड़े ग्राहक आसानी से हेल्थ इंश्योरेंस करा सकेंगे।

इस पहल का उद्देश्य खासकर ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा से जोड़ना है। डाक विभाग द्वारा शुरू किए गए ‘स्वस्थ जीवन कवच इंडिमनिटी हेल्थ इंश्योरेंस प्लान’ के तहत कम प्रीमियम पर बड़ा बीमा कवर उपलब्ध कराया जा रहा है।

पलामू डाक परिमंडल के डाक अधीक्षक ने बताया कि यह योजना आम जन के बेहतर स्वास्थ्य संरक्षण को ध्यान में रखकर शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अभी भी बड़ी संख्या में लोग स्वास्थ्य बीमा से वंचित हैं, जिसे देखते हुए यह पहल काफी महत्वपूर्ण साबित होगी।
कम प्रीमियम में मिलेगा बड़ा बीमा कवर

इस योजना के तहत ग्राहकों को मात्र 1699 रुपये के वार्षिक प्रीमियम पर दो लाख रुपये तक का बेस हेल्थ कवर दिया जाएगा। इसके अलावा 899 रुपये के वार्षिक प्रीमियम पर 15 लाख रुपये तक का सुपर टाप-अप कवर भी उपलब्ध है।

दोनों योजनाओं को मिलाकर मात्र 2598 रुपये सालाना खर्च कर 17 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा लिया जा सकता है। यदि कोई व्यक्ति प्रतिदिन लगभग सात रुपये की बचत करता है तो वह इस योजना का लाभ लेकर अपने और परिवार के लिए बड़ा स्वास्थ्य सुरक्षा कवच सुनिश्चित कर सकता है।
ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ेगी स्वास्थ्य सुरक्षा

डाक विभाग का नेटवर्क देश के दूरदराज के गांवों तक फैला हुआ है। ऐसे में इस योजना के माध्यम से उन लोगों तक स्वास्थ्य बीमा सुविधा पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, जो अब तक बैंक या निजी बीमा कंपनियों की पहुंच से दूर थे। उन्होंने कहा कि डाक विभाग लगातार नई योजनाओं के माध्यम से लोगों को बेहतर सेवाएं देने की दिशा में काम कर रहा है।
अस्पताल खर्च का भी मिलेगा कवरेज

इस हेल्थ इंश्योरेंस योजना में अस्पताल में भर्ती होने से जुड़े विभिन्न प्रकार के खर्चों का कवरेज शामिल है। इससे बीमारी या दुर्घटना की स्थिति में आम लोगों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम किया जा सकेगा।

डाक विभाग की यह पहल खासकर मध्यम एवं निम्न आय वर्ग के परिवारों के लिए राहत भरी साबित हो सकती है। विभाग का लक्ष्य अधिक से अधिक लोगों को इस योजना से जोड़कर स्वास्थ्य सुरक्षा का दायरा बढ़ाना है।


डाक विभाग ने आम लोगों को सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य बीमा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। इसको लेकर इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) और निवा बुपा हेल्थ इंश्योरेंस के बीच करार किया गया है। इससे अब पोस्ट आफिस से जुड़े ग्राहक आसानी से हेल्थ इंश्योरेंस की सुविधा प्राप्त कर सकेंगे। -संजय कुमार सुगम, डाक अधीक्षक, पलामू डाक परिमंडल


यह भी पढ़ें- इलाज नहीं अंतिम संस्कार के लिए बीमा करा रहें जिम्बाब्वे के लोग; 90% आबादी के पास हेल्थ इंश्योरेंस नहीं

यह भी पढ़ें- Budget 2026: नई टैक्स रिजीम वालों की बल्ले-बल्ले? हेल्थ इंश्योरेंस और होम लोन पर मिल सकती है राहत


like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1510K

Credits

Forum Veteran

Credits
157349