AI Generated तस्वीर
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। करतब दिखाने आए कलाकारों की नकल उतारना देवरिया के 10 वर्ष के मासूम पर भारी पड़ गया। करतब दिखाने वाले जिस तरह मुंह में पेट्रोल भरकर आग लगा रहे थे, वही बच्चा भी दिखाने लगा। उसने जैसे ही मुंह में भरा पेट्रोल आग पर डाला, चेहरा जलने लगा।
दर्द से बच्चा चीखने लगा। जब तक लोग आग बुझाते, बच्चा का चेहरा बुरी तरह झुलस चुका था। मुंह के अंदर का भी हिस्सा जल गया। एम्स में बच्चे का उपचार चल रहा है।
देवरिया जिले के भटनी में पिछले दिनों बसंत पंचमी पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। यहां छात्र-छात्राओं के मनोरंजन के लिए करतब दिखाने वालों को बुलाया गया था। कुछ कलाकार मुंह में पेट्रोल भरकर आग पर फेंककर कला दिखा रहे थे।
इस पर बच्चे खूब तालियां बजा रहे थे। इनके जाने के बाद 10 वर्ष का अंशू उनकी नकल उतारने लगा। उसने मुंह में पेट्रोल भरा और आग लगाकर जैसे ही तेल उड़ेला, चेहरा जलने लगा। मां साधना ने बताया कि मुंह में पेट्रोल भरकर आग लगाने की करतब दिखाने की कोशिश में चेहरा जल गया।
यह भी पढ़ें- लखनऊ, नोएडा और गाजियाबाद में बनेंगे वर्किंग विमेन हॉस्टल, 4000 महिलाओं को मिलेगा सुरक्षित आवास |