परिवार वाले पहले ही तोड़ चुके थे युवती से रिश्ता।
जागरण संवाददाता, बठिंडा। पंजाब के बठिंडा में मलोट रोड पर गांव बहमण दीवाना के खेतों से सूटकेस में बरामद युवती के शव के मामले में उस समय नया विवाद खड़ा हो गया, जब अंतिम संस्कार के बाद परिजनों ने अस्थियां लेने से इनकार कर दिया। यह मामला पहले ही हत्या और शव को ठिकाने लगाने की वारदात के कारण चर्चा में था, वहीं अब अंतिम संस्कार से जुड़ा घटनाक्रम भी सवालों के घेरे में आ गया है।
बीती 11 फरवरी को खेतों में पड़े सूटकेस से युवती का शव मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने जांच के दौरान युवती के कथित प्रेमी प्रिंस कुमार को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में अहम सुराग मिले हैं और मामले की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद स्थानीय दाना मंडी स्थित श्मशान भूमि में धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार की पूरी व्यवस्था सामाजिक संस्था ‘सहारा जनसेवा’ के सहयोग से की गई। संस्था के प्रतिनिधि और मृतका के कुछ नजदीकी रिश्तेदार मौके पर मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- युद्ध नशेयां विरुद्ध मुहिम में मिली सफलता; फिरोजपुर में 22 किलो हेरोइन संग चार गिरफ्तार, हथियार- ड्रग मनी जब्त
सहारा संस्था ने पूरी की धार्मिक प्रक्रिया
हालांकि अंतिम संस्कार के बाद स्थिति उस समय असहज हो गई, जब मौजूद रिश्तेदारों ने अस्थियां लेने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने सहारा टीम से अनुरोध किया कि वे ही अस्थि-संग्रह कर आगे की धार्मिक प्रक्रिया पूरी करवाएं। परिजनों के इस निर्णय को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ लोग इसे सामाजिक दबाव से जोड़कर देख रहे हैं तो कुछ इसे परिवार की निजी परिस्थितियों का परिणाम बता रहे हैं।
यह भी पढ़ें- मॉडल और एक्ट्रेस हिमांशी खुराना को जान से मारने की धमकी, कॉल के बाद पंजाब पुलिस में हड़कंप
संस्था जल्द हरिद्वार में प्रवाह करेंगी अस्थियां
सहारा जनसेवा की टीम ने परिजनों के आग्रह पर अस्थियां एकत्र कर सुरक्षित रख ली हैं। संस्था के प्रतिनिधियों के अनुसार, अस्थियां शीघ्र ही हरिद्वार भेजी जाएंगी और विधिवत रूप से गंगा में प्रवाहित की जाएंगी।
उधर पुलिस का कहना है कि हत्या के मामले में जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है। सूटकेस में शव मिलने से लेकर अस्थियां लेने से इनकार तक की घटनाओं ने पूरे मामले को और अधिक संवेदनशील बना दिया है।
यह भी पढ़ें- प्यार के लिए रिश्तों का कत्ल; संबंधों में बाधा बने दो मासूम, बठिंडा में मां ने जहर देकर को उतारा मौत के घाट |
|