जागरण संवाददाता, लखनऊ। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आइआरसीटीसी) शहरवासियों को जापान की सैर कराएगा। आइआरसीटीसी ने शनिवार को “जापान – चेरी ब्लासम का मौसम” पैकेज लांच कर दिया है। यह यात्रा दो से 11 अप्रैल तक होगी।
आइआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि टूर में जापान के प्रमुख पर्यटन स्थलों टोक्यो, फूजी, क्योटो, ओसाका, हिरोशिमा एवं मियाजिमा का भ्रमण कराया जाएगा। लखनऊ के साथ-साथ देहरादून, आगरा, मुरादाबाद, मथुरा एवं बरेली के यात्रियों को दिल्ली से एयर इंडिया की उड़ान से जापान ले जाएगा।
यात्रियों को उएनो पार्क, लेक कावागुची, योयोगी पार्क में चेरी ब्लासम दर्शन, टोक्यो स्काईट्री, माउंट फूजी क्षेत्र, अराशियामा बास वन, किंकाकु-जी मंदिर, ओसाका कैसल, नारा डियर पार्क, हिरोशिमा पीस मेमोरियल पार्क एवं इट्सुकुशिमा श्राइन जैसे दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।
साथ ही जापान की प्रसिद्ध हाई-स्पीड बुलेट ट्रेन (शिंकानसेन) यात्रा भी इस टूर का हिस्सा होगी। दो व्यक्तियों के एक साथ ठहरने पर प्रति व्यक्ति 3.56 लाख रुपये पैकेज का शुल्क होगा। इसकी बुकिंग आइआरसीटीसी की बेवसाइट www.irctctourism.com और हेल्पलाइन नंबर 8287930922 पर भी की जा सकती है। |