LHC0088 • 5 hour(s) ago • views 291
युवक की हत्या कर तालाब में फेंका शव
संवाद सूत्र, हाटगम्हरिया। पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया में महाशिवरात्रि और मागे पर्व की उमंग उस समय मातम में बदल गई, जब शनिवार रात एक युवक की अज्ञात अपराधियों द्वारा हत्या कर दी गई। घटना से पूरे इलाके में शोक और भय का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हाटगम्हरिया बस्ती के भुईंया साई निवासी बैसाखु ग्वाला (39 वर्ष) को शनिवार रात करीब नौ बजे पड़ोस के दो युवक बहाने से घर से बुलाकर अपने साथ ले गए। उस समय क्षेत्र में मागे पर्व की तैयारी चल रही थी, जिससे किसी को अनहोनी की आशंका नहीं हुई।
तालाब में शव मिलने की सूचना
देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो उठे और रातभर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। रविवार तड़के ग्रामीणों ने सूचना दी कि परमसाई जोड़ा तालाब में एक शव पड़ा हुआ है।
मौके पर पहुंचने पर शव की पहचान बैसाखु ग्वाला के रूप में हुई। सूचना मिलते ही हाटगम्हरिया थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।
संदिग्धों से पूछताछ शुरू
मृतक की पत्नी शुरू ग्वाला के फर्द बयान के आधार पर थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। थाना प्रभारी उत्तम तिवारी ने बताया कि मामला बेहद गंभीर है और हर पहलू से जांच की जा रही है। संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी गई है तथा अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने प्रशासन से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनी रहे और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। |
|