हावड़ा-जोधपुर एवं हावड़ा-बीकानेर सुपरफास्ट ट्रेन का बांदीकुई स्टेशन पर ठहराव शुरू।
जागरण संवाददाता, धनबाद। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हावड़ा-जोधपुर एवं हावड़ा-बीकानेर सुपरफास्ट ट्रेनों का ठहराव अब बांदीकुई स्टेशन पर शुरू कर दिया गया है। रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार 12307 हावड़ा-जोधपुर एक्सप्रेस तथा 22307 बीकानेर-हावड़ा सुपरफास्ट ट्रेन रात 10:20 बजे से 10:22 बजे तक बांदीकुई स्टेशन पर दो मिनट के लिए रुकेगी।
इन ट्रेनों के बांदीकुई में ठहराव से आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। हावड़ा से चलने वाली ये सुपरफास्ट ट्रेनें धनबाद, गया, प्रयागराज और कानपुर जैसे प्रमुख स्टेशनों से होते हुए राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर तक जाती हैं। अब बांदीकुई क्षेत्र के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए अन्य स्टेशनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
लोगों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए बड़ी राहत बताया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार यात्रियों की मांग और सुविधा को देखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है। इससे यात्रियों को समय की बचत के साथ-साथ बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा। |