बोकारो की महिला बीकानेर में फेसबुक दोस्त के साथ मिली।
जागरण संवाददाता, बोकारो। facebook love story:सेक्टर-12 थाना क्षेत्र से लापता 41 वर्षीय रिंकू कुमारी को पुलिस ने राजस्थान के गंगाशहर (बीकानेर) से बरामद कर लिया है। महिला फेसबुक पर हुई दोस्ती के बाद वहां पहुंची थी और नरेंद्र सिंह भाटी नामक व्यक्ति के साथ रह रही थी। बोकारो सिटी डीएसपी ने इसकी जानकारी दी।
चार फरवरी को रिंकू के भाई ओम प्रकाश ने थाने में सूचना दी थी कि उनकी बहन बिना बताए घर से चली गई है। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच शुरू की। पड़ताल में पता चला कि महिला राजस्थान में है। एक टीम को वहां भेजा गया, जहां गंगाशहर, बीकानेर में उसे खोज निकाला गया।
पूछताछ में रिंकू ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2006 में हुई थी और उसका 16 वर्षीय पुत्र है। पति से अनबन के कारण वह तनाव में थी। इसी दौरान फेसबुक के माध्यम से उसकी पहचान नरेंद्र सिंह भाटी से हुई, जिसके बाद वह उसके पास चली गई। महिला ने अपने निर्णय से संबंधित एक लिखित कागजात भी पुलिस को सौंपा है।
सिटी डीएसपी ने स्पष्ट किया कि इस मामले को लेकर किसी प्रकार की बच्चा चोरी या अन्य अफवाहों पर ध्यान न दें। पुलिस ने महिला को परिजनों के समक्ष प्रस्तुत कर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है। |