फाइल फोटो।
जागरण संवाददाता, बरेली। जिले में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने लगा है और फरवरी के मध्य में ही लोगों को मार्च जैसी गर्मी का अहसास होने लगा है। पिछले कुछ दिनों से जिले में दिन और रात दोनों के तापमान में निरंतर बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिसने ठंड की विदाई के संकेत दे दिए हैं। दोपहर के समय सूरज की किरणें इतनी तेज और चटख हो रही हैं कि धूप में खड़े रहना भी मुश्किल हो गया है।
अधिकतम पारा 25.1 डिग्री, न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस किया गया दर्ज
लोगों को अब धूप में बैठने पर आनंद के बजाय गर्मी और चुभन महसूस होने लगी है। सुबह के समय जब सूरज की तपिश कम होती है, तभी लोग पार्कों और खुले स्थानों पर धूप का लुत्फ उठाते नजर आ रहे हैं।दिन के साथ-साथ अब रातों की ठंडक भी कम होने लगी है।
मौसम विभाग ने जताई ऊपरी तापमान में वृद्धि होते रहने की संभावना
मौसम विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, रविवार को न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो पिछले सप्ताह तक 10 डिग्री से नीचे बना हुआ था। तापमान में इस उछाल का सीधा असर लोगों की जीवनशैली पर दिख रहा है। भारी भरकम ऊनी कपड़ों की जगह अब हल्के गरम कपड़ों ने ले ली है।
बाजारों और सड़कों पर लोग जैकेट उतारकर चलते देखे जा रहे हैं। गर्मी बढ़ने के कारण रविवार को शहर के उद्यानों में भीड़ उमड़ी, जहां लोगों ने अपने परिवार और प्रियजनों के साथ समय बिताया, हालांकि दोपहर की तेज धूप ने उन्हें छांव तलाशने पर मजबूर कर दिया।
दिनों में राहत के आसार कम हैं
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में राहत के आसार कम हैं और तापमान में इसी तरह की बढ़ोतरी जारी रहने की संभावना है। एकीकृत मौसम पूर्वानुमान केंद्र प्रभारी अतुल कुमार सिंह का कहना है कि आसमान साफ रहने के कारण सूर्य का तेज सीधे धरती तक पहुंच रहा है, जिससे दिन का पारा चढ़ रहा है। |