LHC0088 • 4 hour(s) ago • views 728
वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आकर वृद्ध की मौत
संवाद सूत्र, फतेहपुर (गया)। Vande Bharat Accident at Paharpur Station गया–कोडरमा रेल खंड स्थित पहाड़पुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज रफ्तार वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक अज्ञात वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वृद्ध प्लेटफॉर्म से उतरकर रेल पटरी पार कर दूसरे प्लेटफॉर्म की ओर जा रहा था। इसी दौरान अप लाइन पर गया की ओर से आ रही ट्रेन अचानक सामने आ गई। आसपास मौजूद लोगों ने उसे चेतावनी देने के लिए शोर मचाया। लेकिन वह ऊंचे प्लेटफॉर्म पर चढ़ पाता, उससे पहले ही ट्रेन की चपेट में आ गया।
शव बुरी तरह क्षत-विक्षत, पहचान नहीं हो सकी
टक्कर इतनी भीषण थी कि वृद्ध का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही रेल पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को पटरी से हटाकर सुरक्षित स्थान पर रखा। बाद में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।
जांच में जुटी रेल पुलिस, सतर्कता की अपील
रेल प्रशासन के अनुसार ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान के दौरान लगातार माइकिंग कर यात्रियों को सतर्क किया जाता है। इसके बावजूद लोग जल्दबाजी में पटरी पार करने का जोखिम उठाते हैं।
बताया गया कि संबंधित ट्रेन वाराणसी से जमशेदपुर की ओर जा रही थी। रेल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे निर्धारित फुटओवर ब्रिज का ही उपयोग करें और रेल पटरी पार न करें। |
|