भारत की टॉप 10 कंपनीज देती हैं करोड़ों रुपये कॉरपोरेट टैक्स
नई दिल्ली। आपने अक्सर सुना होगा कि फलां एक्टर या कारोबारी करोड़ों रुपये इनकम टैक्स दिया। कभी इस लिस्ट में शाहरुख खान तो कभी अक्षय कुमार या कोई अन्य सितारा और उद्योगपति रहता है। लेकिन, क्या उस कंपनी के बारे में जानते हैं जो टैक्स देने के मामले में नंबर वन है और सबसे ज्यादा कॉरपोरेट टैक्स (Corporate Tax) देती है। जहां इनकम टैक्स, व्यक्तियों को अपनी आय के आधार पर प्रत्यक्ष कर के तौर पर देना होता है। वहीं, कॉरपोरेट टैक्स कंपनियों को अपनी इनकम पर देना होता है। भारत में रिलायंस इंडस्ट्रीज, अदाणी ग्रुप और टाटा समूह जैसे कई बड़े कॉरपोरेट ग्रुप और उनकी कंपनीज हैं, जो करोड़ों रुपये टैक्स अदा करती हैं। क्या आप जानते हैं इन कंपनियों में कॉरपोरेट टैक्स देने के मामले में नंबर वन कौन है?
कॉरपोरेट टैक्स देने में पहले नंबर पर यह कंपनी
हुरुन इंडिया 2024 की रिपोर्ट के अनुसार, भारत में कॉरपोरेट टैक्स कलेक्शन के मामले में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले नंबर पर रही। वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए एडवांस फाइलिंग और इंडस्ट्रीज रिपोट्स के अनुसार, रिलायंस इंडस्ट्रीज भारत में सबसे अधिक टैक्स चुकाने वाली कॉर्पोरेट कंपनी है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने कितना टैक्स दिया?
मार्केट कैप के लिहाज से भारत की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज ने 2024 में 25707 करोड़ रुपये कॉरपोरेट टैक्स दिया है। मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाली इस कंपनी के बड़े बिजनेस में ऑयल, पेट्रोकेमिकल्स, रिटेल और टेलिकॉम बिजनेस शामिल हैं।
रिलायंस के बाद दूसरे नंबर पर कौन?
कॉरपोरेट टैक्स चुकाने के मामले में रिलायंस इंडस्ट्रीज के बाद टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज दूसरे नंबर पर है। टाटा समूह की इस कंपनी ने कॉर्पोरेट टैक्स के तौर पर ₹15,898 करोड़ का भुगतान किया था। वहीं, वेदांता लिमिटेड ने अनुमानित ₹12,826 करोड़ अदा किए थे।
ये भी पढ़ें- रिकॉर्ड हाई से 80% गिरे Ola इलेक्ट्रिक शेयर, 157 से 29 रुपये पर पहुंचा भाव, समझें क्यों आ रही लगातार गिरावट?
इसके अलावा, एचडीएफसी बैंक, इंफोसिस, आईटीसी, कोटक महिंद्रा बैंक, एचसीएल टेक, लार्सन एंड टुब्रो और बजाज फाइनेंस, ज्यादा कॉरपोरेट टैक्स देने वाली टॉप 10 कंपनियों में शामिल हैं। |