प्रतीकात्मक तस्वीर। संभलिए, जरा सी लापरवाही और मोबाइल लेकर भाग जाएंगे झपटमार।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। शहर में बाइक सवार उचक्कों की बढ़ती वारदातों ने लोगों, खासकर महिलाओं और बुजुर्गों के बीच दहशत का माहौल बना दिया है। दिन-दहाड़े मोबाइल, पर्स और चेन छिनतई की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। बीते तीन दिनों में ही मोबाइल छिनतई की तीन घटनाओं ने पुलिस गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
उचक्के आमतौर पर बाइक से आते हैं। चालक वाहन स्टार्ट रखता है, जबकि पीछे बैठा बदमाश राह चलती महिला या बुजुर्ग को निशाना बनाकर झपट्टा मारता है और चंद सेकेंड में फरार हो जाता है। ऐसे मामलों में पीड़ित के प्रतिरोध की संभावना कम होती है, जिसका फायदा अपराधी उठाते हैं।
मोबाइल, चेन और पर्स छिनतई की चंद प्रमुख घटनाएं
- 1.कोतवाली थानाक्षेत्र में 24 मार्च 2025 को बाइक सवार उचक्के ने चुनिहारी टोला में छात्रा रुचि कुमारी का मोबाइल झपट लिया।
- 2. कोतवाली थानाक्षेत्र के चुनिहारी टोला लेन में 16 मार्च को दवा कारोबारी बाल मुकुंद झुनझुनवाला की सास विद्या देवी शर्मा की चेन झपट ली।
- 3. कोतवाली थानाक्षेत्र में चुनिहारी टोला लेन में 18 मार्च की शाम गायत्री देवी का पर्स छीन लिया।
- 4. तिलकामांझी थानाक्षेत्र में एक जनवरी 2025 की रात जेल रोड में दुकानदार अमित कुमार से 25 सौ रुपये की लूट, चार बदमाश गिरफ्तार।
- 5. जोगसर थानाक्षेत्र में 11 जनवरी 2025 को हनुमान नगर रोड में अधिवक्ता सुभाष चंद्र झा की पत्नी सोनी झा की सोने की चेन बाइक सवार उचक्के ने छीन ली।
- 6. जाेगसर थानाक्षेत्र में 18 जनवरी 2025 को हनुमान नगर रोड में चंद्रहास कुमार की पत्नी सोनिया का पर्स झपट कर भाग निकले उचक्के।
- 7. एक अक्टूबर 2024 को तिलकामांझी थानाक्षेत्र के जवारीपुर में नंदिनी सरकार की चेन छिनतई।
- 8. 25 दिसंबर 2024 को जोगसर थानाक्षेत्र के हनुमान नगर रोड में अनुप्रिया कुमारी की मोबाइल छिनतई।
- 9. 23 दिसंबर 2024 को मोजाहिदपुर थानाक्षेत्र के लोहिया पुल पर बांका अमरपुर निवासी राधा देवी से बैग छिनतई।
- 10. 14 जून 2025 को तिलकामांझी थानाक्षेत्र के न्यू विक्रमशिला कालोनी में वायुसेना के सार्जेट की वृद्ध मां कुंदन देवी के गले से सोने की चेन उचक्के ने झपट ली।
- 11. 17 जनवरी 2026 को जोगसर थानाक्षेत्र के नवयुग विद्यालय रोड में बीएसएनएल के एसडीओ मनोज कुमार की मोबाइल बाइक सवार उचक्के ने छीन ली।
- 12. 12 जनवरी 2026 को जोगसर थानाक्षेत्र में रघुकुल पद्मालय निवासी कारोबारी जयप्रकाश साह की मोबाइल उचक्के ने होटल जेपी ग्रांड के समीप तब छीन ली जब वह सुबह अपने घर की तरफ जा रहे थे।
- 13. 11 फरवरी 2026 को ज्योति बिहार कॉलोनी से मृदुला देवी की कछुआ चौक के चंद फर्लांग दूरी पर बाइक सवार उचक्के ने मोबाइल छीन ली।
- 14. 13 फरवरी 2026 को आनंदगढ़ कॉलोनी के समीप बाइक सवार उचक्के ने कोचिंग से लौट रही छात्रा स्मिता राज का मोबाइल झपट लिया।
शिकायत मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालती है, लेकिन अधिकांश मामलों में बदमाश पकड़ से बाहर रहते हैं। हालांकि एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त, वाहन जांच अभियान और संदिग्धों की तलाशी तेज करने का निर्देश दिया है। |