LHC0088 • 3 hour(s) ago • views 994
जिला कारागार में कैदियों व बंदियों के लिए बनाए गए रसोई घर का निरीक्षण करती आयोग की टीम। सौ. प्रशासन
जागरण संवाददाता, जींद। हरियाणा मानवाधिकार आयोग के चेयरमैन एवं पूर्व जस्टिस ललित बतरा ने सोमवार को जिले का दौरा किया। उनके साथ आयोग के सदस्य कुलदीप जैन, दीप भाटिया, रजिस्ट्रार संजय कुमार खंडूजा, सहायक रजिस्ट्रार डा. पुनीत अरोड़ा भी थे। सबसे पहले उन्होंने पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में अधिकारियों की बैठक ली, उसके बाद जिला कारागार का निरीक्षण किया।
जिला कारागार में एक नाबालिग के मिलने पर वह भड़क गए और पुलिस अधिकारियों को मौके पर बुलाकर उसे हिसार सुधार गृह में तुरंत शिफ्ट करने के निर्देश दिए। जिला कारागार में स्थायी रूप से चिकित्सक की नियुक्त को लेकर उन्होंने सिविल सर्जन को निर्देश दिए। कहा कि लोगों के मौलिक अधिकारों की रक्षा करना आयोग का कार्य है।
दोपहर को पूर्व जस्टिस ललित बतरा जिला कारागार में निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। नाबालिग मिलने पर उन्होंने जांच अधिकारी, थाना प्रभारी व एएसपी को मौके पर बुलाया और इसका कारण पूछा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कागजी कार्रवाई में कुछ समय लग गया, इसी कारण यह बच्चा सुधार गृह हिसार में शिफ्ट नहीं हो पाया। ललित बतरा ने तुरंत बच्चे को कागजी कार्रवाई के बाद शिफ्ट करने के निर्देश दिए।
आयोग को पता चला कि यह नाबालिग 28 अक्टूबर 2025 से यहीं पर है। इसको सीआइए ने बाइक चोरी के आरोप में हिरासत में लिया था। इसको हिसार सुधार गृह में भेजने की कार्रवाई जारी है, लेकिन अभी तक पूरी नहीं हुई है। |
|