वाराणसी बाइक शोरूम में 5.60 लाख का गबन, महिला कर्मचारी पर केस दर्ज।
जागरण संवाददाता वाराणसी। लालपुर पाण्डेयपुर क्षेत्र के बजरंग नगर, दौलतपुर निवासी अवनीश सिंह ने अपने पुराने वाहन शोरूम में कार्यरत युवती पर लाखों रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। इस मामले में पीड़ित ने थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर लालपुर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अवनीश सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह पहड़िया स्थित मिश्रा पेट्रोल पंप के पास \“बाइक बाजार\“ नाम से पुराने वाहनों का शोरूम संचालित करते हैं। लगभग ढाई वर्ष पूर्व, उन्होंने शिवपुर थाना क्षेत्र के नवलपुर निवासी सोनम जायसवाल को मासिक वेतन पर हिसाब-किताब देखने के लिए नियुक्त किया था। प्रारंभिक दिनों में ऑडिट के दौरान लेखा-जोखा सही मिलने पर उन्होंने उस पर भरोसा करना शुरू कर दिया।
पीड़ित के अनुसार, दो माह पूर्व जब जनवरी 2025 से अब तक के खातों का मिलान किया गया, तो 5,60,907 रुपये की कमी पाई गई। आरोप है कि पूछताछ में संबंधित कर्मचारी ने पारिवारिक स्थिति खराब होने का हवाला देते हुए फर्म के पैसे अपने पास रखने की बात स्वीकार की। यह भी आरोप लगाया गया कि जनवरी 2025 से पहले भी खातों में गड़बड़ी की गई है, जिसके साक्ष्य जरूरत पड़ने पर प्रस्तुत किए जाएंगे।
अवनीश सिंह के मुताबिक, कुछ गणमान्य लोगों की मध्यस्थता में एक वर्ष के भीतर पांच लाख रुपये लौटाने का समझौता हुआ था, लेकिन तय समय में धनराशि वापस नहीं की गई। इसके बाद 20-30 हजार रुपये प्रतिमाह किस्त के रूप में भुगतान करने का सुलहनामा भी हुआ, लेकिन कई माह बीतने के बाद भी कोई रकम नहीं दी गई। आरोप है कि अब फोन भी नहीं उठाया जा रहा और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही है।
इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अवनीश सिंह ने कहा कि वह न्याय की उम्मीद कर रहे हैं और चाहते हैं कि आरोपी को सजा मिले। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। |