थाने में रो पड़ी छात्रा (प्रतीकात्मक चित्र)
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। मुरैना जिले के अंबाह क्षेत्र में एक निजी स्कूल की कथित मनमानी ने एक छात्रा का पूरा शैक्षणिक वर्ष दांव पर लगा दिया। आरोप है कि अमिलेंडा गांव स्थित आरडी स्कूल के संचालक ने हाईस्कूल परीक्षा फॉर्म भरने के नाम पर छात्रा से 1000 रुपये जमा करा लिए, लेकिन फॉर्म ही जमा नहीं किया। इतना ही नहीं, प्रवेश पत्र मांगने पर 20 हजार रुपये लेकर पास कराने की बात कही गई।
परीक्षा केंद्र पर खुली पोल
अमिलेंडा निवासी अनिल तोमर ने अंबाह थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी बेटी लक्ष्मी तोमर हाईस्कूल की छात्रा है। 11 सितंबर 2025 को उसने आरडी स्कूल में परीक्षा फॉर्म भरने के लिए 1000 रुपये फीस जमा की थी, जिसकी रसीद उनके पास सुरक्षित है।
सोमवार को जब प्रवेश पत्र मांगा गया तो स्कूल संचालक ने मंगलवार को देने का आश्वासन दिया। लेकिन मंगलवार को परीक्षा केंद्र पहुंचने पर लक्ष्मी को प्रवेश ही नहीं मिला। कारण पता चला कि उसका परीक्षा फॉर्म भरा ही नहीं गया था।
‘20 हजार दो, पास करा दूंगा’
परिजनों का आरोप है कि जब इस संबंध में स्कूल संचालक से जवाब मांगा गया तो उसने 20 हजार रुपये देने पर हाईस्कूल की अंकसूची उपलब्ध कराने की बात कही। इस कथित मांग ने मामले को और गंभीर बना दिया है।
यह भी पढ़ें- ‘सिबिल खराब’ का डर दिखाकर 8 लाख की ठगी : बीएसएफ आरक्षक को फर्जी बैंक मैनेजर ने बनाया शिकार
एक साल बर्बाद, थाने में छलके आंसू
परीक्षा से वंचित होने के बाद लक्ष्मी अंबाह थाने में फूट-फूट कर रो पड़ी। परिजनों ने पुलिस को लिखित शिकायत दी, लेकिन इस मामले में फिलहाल धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज नहीं किया गया था। |