LHC0088 • 1 hour(s) ago • views 188
हरिद्वार रोड़ स्थित नई कोर्ट परिसर में बार कांउसलिंग के चुनाव में वोट डालने के लिए खड़े अधिवक्ता। जागरण
जागरण, संवाददाता, देहरादून। बार काउंसिल आफ उत्तराखंड के चुनाव के लिए मंगलवार को जिला अदालत से रिकार्ड मत पड़े। बार के 5007 सदस्यों में से 3818 अधिवक्ताओं ने मताधिकार का उपयोग किया।
शाम करीब पांच बजे 104 प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटी में बंद हो गई। जिलों से मतपेटियां 19 फरवरी तक मुख्य निर्वाचन केंद्र पहुंचाई जाएंगी, जहां 20 फरवरी से मतों की गिनती होगी।
जिला अदालत में सुबह से ही मतदाताओं में खासा उत्साह नजर आया। विशेष यह भी रहा कि पहली बार अदालत की नई बिल्डिंग में मतदान की व्यवस्था हुई, जहां मतदाताओं की सुविधा के लिए लगभग 40 बूथ बनाए गए थे।
बड़ी संख्या में अधिवक्ता मतदान करने पहुंचे कि लंबी कतारें देखने को मिलीं, हालांकि मतदान व्यवस्थित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। शाम पांच बजे तक मतदान हुआ।
मतदान प्रक्रिया प्रथम अपर जिला न्यायाधीश महेश चंद्र कौशिवा की अध्यक्षता में पूरी हुई। उनके निर्देश पर अदालत परिसर में वाहनों के आने-जाने पर रोक थी।
मतदाताओं को उनके सीरियल नंबर के आधार पर अलग-अलग बूथ पर भेजा गया, जिससे पारदर्शिता और सुलभता बनी रही। दून बार एसोसिएशन के निवर्तमान अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल ने बताया कि इस बार ऐतिहासिक मत पड़े हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल में अधिवक्ताओं में मतदान के प्रति इतना उत्साह पहली बार देखा। |
|