पांगी घाटी में विभागों के विवाद से गहराया बिजली संकट
राज्य ब्यूरो, शिमला। जनजातीय पांगी घाटी में सरकार के दो विभागों के बीच चल रही लड़ाई के कारण स्थानीय लोगों को बिजली की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इस मुद्दे को भाजपा विधायक डॉ. जनकराज ने शून्यकाल में उठाया।
उन्होंने बताया कि पिछले साल मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पांगी घाटी में 33 केवी लाइन स्थापित करने की परियोजना का शिलान्यास किया था, जिसका 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। लेकिन वन विभाग द्वारा आवश्यक स्वीकृतियों की कमी के कारण यह कार्य अधूरा पड़ा है।
इसके अलावा, ऊर्जा विभाग के अधिकारियों का सहयोग भी नहीं मिल रहा है। डॉ. जनकराज ने लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने संबंधित विभागों से जवाब मांगा है।
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से पंडोह के समीप फोरलेन का कार्य बाधित है, जिससे कंडी-कटौला और पंडोह-चैलचौक मार्गों पर आवाजाही प्रभावित हो रही है। कंडी-कटौला मार्ग के चौड़ाकरण पर 13 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं। अगर विश्व बैंक से धनराशि मिलती है, तो दोनों सड़कों का विस्तारीकरण संभव हो सकेगा। कांग्रेस विधायक अनुराधा राणा ने इस मार्ग को कुल्लू और लाहौल-स्पीति के लिए जीवन रेखा बताया, खासकर मानसून के दौरान।
कांग्रेस विधायक हरदीप सिंह बावा ने नालागढ़ क्षेत्र में एपीआई यूनिट से वायु और जल प्रदूषण की गंभीर स्थिति की ओर ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा कि यहां के 25-30 गांवों के लोग पलायन करने को मजबूर हो रहे हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने पर्यावरण विभाग और राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
भाजपा विधायक त्रिलोक जम्वाल ने सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्तियों में 21 से 25 वर्ष के योग्य प्रतिभागियों को आवेदन करने की अनुमति देने का मामला उठाया। विधानसभा अध्यक्ष ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
भाजपा विधायक रणधीर शर्मा ने श्री नयना देवी जी मंदिर न्यास से 5 करोड़ रुपये की अतिरिक्त व्यवस्था की मांग की, ताकि मंदिर के समीप निर्माणाधीन सिविल अस्पताल का कार्य पूरा हो सके। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने न्यायालय के आदेश का हवाला देते हुए कहा कि धनराशि जारी करने पर विचार किया जाएगा।
कांग्रेस विधायक राकेश कालिया ने गगरेट क्षेत्र में मत्स्य केंद्र में हुए घोटाले का उल्लेख किया। विधानसभा अध्यक्ष ने पुलिस को आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। भाजपा विधायक रीना कश्यप ने ग्राम पंचायत दीद-गलुथ के पडेली में पुल बहने का मुद्दा उठाया और लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि अगला मानसून आने से पहले पुल का निर्माण किया जाए। |
|