LHC0088 • 2 hour(s) ago • views 1044
मथुरा पुलिस द्वारा गिरफ्तार हत्यारोपी परिवार।
जागरण संवाददाता, मथुरा। नौहझील के गांव कटेलिया बाघई में 15 फरवरी की सुबह आरी की ब्लेड से भाभी की गर्दन काटकर हत्या करने और बेटे के साथ मिलकर सुबूत छिपाने के मामले में पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया है।
हत्या के मामले देवर और साक्ष्य छिपाने में पति, सास और ससुर को जेल भेजा गया है। नौहझील के गांव कटेलिया बाघई में ज्वाला प्रसाद अपनी पत्नी अंगूरी देवी, बेटे प्रमोद, उसकी पत्नी करिश्मा और छोटे बेटे दीपक के साथ रहते थे।
प्रमोद की शादी करीब तीन माह पूर्व आगरा में एक सामूहिक सम्मेलन से आगरा के नंदलालपुर खंदौली निवासी करिश्मा से हुई थी। प्रमोद और उसका छोटा भाई दीपक ईंट-भट्ठों में ट्रैक्टर-ट्राली में ईंट भरने का काम करते थे।
14 फरवरी की रात ज्वाला प्रसाद अपने बड़े बेटे प्रमोद को साथ लेकर खेत में पानी लगाने लगे चले गए। रात नौ बजे देवर दीपक भाभी करिश्मा के कमरे में पहुंच गया और अवैध संबंध बनाने का प्रयास करने लगा। भाभी ने इसका विरोध जताया। दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
करिश्मा ने पूरा घटनाक्रम पति प्रमोद को बताने की धमकी देकर सास अंगूरी देवी के पास सोने चली गई। रात सवा दो बजे प्रमोद पिता के साथ घर पहुंचा। करिश्मा ने रात में पति से कोई बात नहीं की। 15 फरवरी की सुबह ससुर और पति काम पर चले गए।
सुबह साढ़े आठ बजे दीपक फिर भाभी के कमरे में पहुंच गया और दुष्कर्म करने का प्रयास किया। इसी बात को लेकर देवर और भाभी में कहासुनी हो गई। दीपक ने आरी की ब्लेड से करिश्मा की गर्दन रेत कर हत्या कर दी।
पति प्रमोद, मां अंगूरी देवी और ससुर ज्वाला प्रसाद के साथ मिलकर साक्ष्य छिपाते हुए खून लगे बिस्तर को धो दिया। इसके बाद दीपक ने ब्लेड से अपनी गर्दन भी रेत ली और ड्रामा शुरू किया। मां ने ब्लेड को चूल्हे की राख में छिपा दिया।
मृतका के पिता ओमप्रकाश ने देवर के साथ पति, ससुर और सास के खिलाफ नौहझील थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि बुधवार सुबह पौने पांच बजे चारों को उनके ही घर से गिरफ्तार किया गया।
इनके कब्जे से तीन ब्लेड, खून लगी तकिया, बेडशीट व अन्य कपड़े बरामद हुए हैं। एसपी ग्रामीण ने बताया चारों आरोपितों को जेल भेज दिया गया। |
|