LHC0088 • 1 hour(s) ago • views 565
आजादपुर मंडी के कई हजार पल्लेदार बुधवार सुबह हड़ताल पर रहे।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। मेहनताना बढ़ाने की मांग को लेकर आजादपुर मंडी के कई हजार पल्लेदार बुधवार सुबह हड़ताल पर रहे। हड़ताल के कारण लगभग चार घंटे मंडी का कामकाज प्रभावित रहा। पल्लेदारों ने फल-सब्जी की ढुलाई नहीं की। पल्लेदारों ने धरना भी दिया।
बाद में अंगूर मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय दुआ ने पल्लेदारों से बात की और आश्वासन दिया, इसके बाद पल्लेदार काम पर लौट आए। पल्लेदार एसोसिएशन ने एपीएमसी की ओर से बातचीत के लिए किसी नुमाइंदे के न पहुंचने पर निराशा जाहिर की है। पल्लेदारों के समर्थन में यूनाइटेड हिंदू फ्रंट के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जयभगवान गोयल मंडी पहुंचे।
आल मंडी पल्लेदार एसोसिएशन के आह्वान पर बुधवार सुबह पांच बजे पल्लेदार कामकाज छोड़ हड़ताल पर चले गए। बड़ी संख्या में पल्लेदार फल मंडी के शेड नंबर सात व आठ में इक्ट्ठा हुए और धरने पर बैठ गए। एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय कुमार समेत अन्य पदाधिकारियों ने धरने को संबोधित किया। फलों की लोडिंग-अनलोडिंग नहीं होने से मंडी के कामकाज पर असर दिखाई दिया।
सब्जी के कारोबार पर कहीं कम तो कहीं मिश्रित प्रभाव देखने को मिला, जबकि फल व्यापार पर हड़ताल का ज्यादा प्रभाव नजर आया। सुबह करीब नौ आढ़त व्यापारियों की ओर से अंगूर मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय दुआ ने पल्लेदार एसोसिएशन के पदाधिकारियों से बात की। कुछ मांगों पर आश्वासन के बाद पल्लेदारों ने अपनी हड़ताल और धरना समाप्त कर दिया और काम पर लौट आए।
एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय कुमार ने कहा कि लंबे समय से पल्लेदारों का मेहनताना नहीं बढ़ाया गया है। पल्लेदार फल-सब्जी की लोडिंग/अनलोडिंग से लेकर बिकवाने व रखवाली तक करता है, लेकिन उसे निर्धारित मेहनताना नहीं मिल रहा है। इस बारे में एपीएमसी प्रशासन का रुख निराशाजनक है। संजय कुमार ने बताया कि पल्लेदारों को दिया जा रहा मेहनताना बहुत कम है, इसे तुरंत दो गुणा से अधिक किए जाने की आवश्यकता है।
इस बीच, यूनाइटेड हिंदू फ्रंट के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जयभगवान गोयल धरने पर पहुंचे और पल्लेदारों की मांगों का समर्थन किया। कहा, पल्लेदार फल-सब्जी उठाने व रखवाली से लेकर बिकवाता है। खूब मेहनत करता है, इसलिए उसे उसकी मेहनत का हक मिलना ही चाहिए। बाद में पल्लेदार एसाेसिएशन ने आजादपुर मंडी कमेटी के डिप्टी चेयरमैन को अपना मांग पत्र प्रेषित किया और पल्लेदारों का मेहनताना बढ़ाने की मांग की।
इस अवसर पर पल्लेदार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अखिलेश पांडे व बिरपत, महासचिव प्रेमगिरि, सचिव मनोज सिंह व रामबदन, कोषाध्यक्ष दालचंद्रा, सलाहकार सुबोध विहारी के अलावा सतीश पांडे, लालजी सहनी, आशीष आदि उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- पंजाबी बाग में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले विजय के परिवार पर मंडराया रोटी का संकट, इकलौता था कमानेवाला |
|