जागरण टीम, बाराबंकी। लखनऊ-अयोध्या हाईवे को पार करते समय डिवाइडर फांद रहा लखनऊ का एक व्यक्ति अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। जिससे घायल की मौके पर मौत हो गई। हाईवे पार करते समय उसका दामाद भी साथ में था। वहीं, दो अलग-अलग स्थानों पर सड़क हादसे हुए। फतेहपुर में ओवरलोड ऑटो पलटने से पांच लोग घायल हो गए, वहीं लखनऊ हाईवे पर टायर फटने से भार वाहन पलट गया, जिस पर सवार तीन लोग बाल-बाल बच गए।
सफेदाबाद: लखनऊ पीजीआई के पास रहने वाले मुन्ना प्रसाद सफेदाबाद के पास लखनऊ-अयोध्या हाईवे को पैदल पार कर रहे थे। डिवाइडर फांदते समय पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिवारजन ने बताया कि वह घटनास्थल के पास स्थित एक लेबर कालोनी में रहने वाली अपनी बेटी से मिलने आए थे। बेटी से मिलने के बाद वह अपने दामाद के साथ पैदल रोड क्रॉस कर रहा था।
वहीं कोतवाली नगर में लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर स्थित दारापुर में बुधवार सुबह नौ बजे एक भार वाहन जा रहा था, जिसका टायर अचानक फट गया और गाड़ी अनियंत्रित होकर पूरी घूम कर बायीं ओर गड्ढे में पलथे खाते हुए गिर गई। वाहन में चालक सहित तीन लोग सवार थे, हालांकि कोई चोटिल नहीं हुआ।
फतेहपुर: महमूदाबाद से फतेहपुर आ रहा तेज रफ्तार आटो बुधवार सुबह रिलायंस पेट्रोल पंप के पास बाइक में टक्कर मारते हुए पलट गया। आटो में दो बच्चों सहित 11 सवारियां थी। रामपुर के बगस्ती निवासी मुन्ना, देवा के विनवा निवासी पुष्पा सिंह व पार्वती देवी सहित दो वर्षीय कृष्णा घायल हो गये। राहगीरों ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया, उधर घायल बाइक सवार को परिवारजन निजी अस्पताल लेकर चले गये। |