वैष्णो देवी में रोपवेे के विरोध में चल रही हड़ताल के बीच परेशानी बताते आगरा के श्रद्धालु।
जागरण संवाददाता, आगरा। माता वैष्णो देवी की यात्रा पर गए आगरा के श्रद्धालु कटरा में घोषित हड़ताल के कारण परेशानियों में घिर गए हैं। बाजार बंद होने से वह भोजन, पानी, होटल और यहां तक कि बच्चों के लिए दूध तक के लिए परेशान हैं।
हड़ताल के कारण एक भी दुकान न खुलने के कारण वहां रहने और खाने की कोई व्यवस्था नहीं हो पा रही है। अपनी इस परेशानी को उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर वीडियो प्रसारित कर साझा की है।
राजा मंडी निवासी रजत ने वीडियो प्रसारित किया है। वह बताते हैं कि कमला नगर, राजा मंडी और बोदला क्षेत्र से श्रद्धालुओं का जत्था सोमवार को दर्शन के लिए आगरा से रवाना हुआ था। मंगलवार को कटरा में रुकने के बाद बुधवार को चढ़ाई प्रारंभ की।
श्रद्धालुओं ने बताया कि इसी दौरान कटरा के क्षेत्रीय दुकानदारों ने हड़ताल की घोषणा कर दी, जिस कारण यात्रा मार्ग पर प्रसाद और भोजन की दुकानें पूर्णत: बंद हो गई।
इस कारण छोटे बच्चों और बुजुर्गों को दूध, दवा आदि के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हड़ताल की पूर्व सूचना नहीं थी, इस कारण वह कोई तैयारी भी नहीं कर सके।
वीडियो के माध्यम से मांगी सहायता
श्रद्धालुओं ने वीडियो प्रसारित कर उन्होंने स्थानीय प्रशासन से सहायता मांगी है। आगरा के रजत, विजय, घनश्याम, जितेंद्र, भानु, कुनाल सहित अन्य लोगों ने वीडियो के माध्यम से अपनी समस्या उठाई है कि वह दर्शन के लिए आए थे लेकिन यहां ह़़ड़ताल हो गई।
इससे उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों और आवश्यक सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे हैं।
रोपवे परियोजना के विरोध में बंद
बता दें कि कटरा में यात्रियों की सुविधा के लिए रोपवे परियोजना निर्माणाधीन है, जिसके विरोध में स्थानीय दुकानदारों, घोड़ा-खच्चर संचालकों और पिट्ठू संघों ने हड़ताल का आह्वान किया था। उनका कहना है कि रोपवे शुरू होने से पारंपरिक रोजगार प्रभावित होगा।
हड़ताल के कारण कटरा बाजार से बाणगंगा और यात्रा मार्ग तक दुकानें व ढाबे बंद रहे, जिससे बाहर से आए श्रद्धालुओं को भारी असुविधा उठानी पड़ रही है। |