search

बोर्ड परीक्षा के बीच स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप, मची अफरातफरी; अलर्ट पर सुरक्षाबल

LHC0088 1 hour(s) ago views 24
  

बोर्ड परीक्षा के बीच स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप (सांकेतिक तस्वीर)



जागरण टीम, नई दिल्ली। दिल्ली, पंजाब और उत्तराखंड में गुरुवार को स्कूलों, सचिवालय और पुलिस मुख्यालय और न्यायिक परिसरों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई।

राष्ट्रीय राजधानी के तीन स्कूलों को सीबीएसई बोर्ड परीक्षा के बीच उड़ाने की धमकी से अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, फायर ब्रिगेड और बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

पुलिस टीम ने परीक्षा केंद्र के कमरे खाली कराए और विद्यार्थियों व स्टाफ को बाहर निकाल कर जांच की। हालांकि, कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। पंजाब में भी सिविल सचिवालय, पुलिस मुख्यालय, मिनी सचिवालय और जिला अदालत परिसर सेक्टर-43 को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों को एहतियातन बाहर निकाला गया।

दिल्ली में पुलिस कंट्रोल रूम को सुबह धमकी की पहली सूचना 8:11 बजे मिली। अभी पुलिस इस पर कार्रवाई कर ही रही थी कि 8:37 पर दो अन्य स्कूलों में बम होने की सूचना मिली। देखते ही देखते तीनों स्कूलों के बाहर अभिभावकों का तांता लग गया।

स्कूल प्रबंधन के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम और परीक्षा में हुए व्यवधान को लेकर सीबीएसई को एक विस्तृत रिपोर्ट भेजी जा रही है। इसके आधार पर बोर्ड यह तय करेगा कि प्रभावित परीक्षार्थियों के लिए क्या विशेष प्रविधान किए जा सकते हैं।

वहीं, चंडीगढ़ स्थित पंजाब सिविल सचिवालय और पुलिस मुख्यालय को भी धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। यह धमकी ईमेल पर सुबह करीब 9:46 बजे संबंधित विभाग को मिली।

सूचना पर संदिग्ध वस्तुओं की जांच की गई और आने-जाने वालों पर कड़ी नजर रखी गई। मोहाली के मिनी सचिवालय और जिला अदालत परिसर सेक्टर-43 में भी कई घंटे की जांच के बाद कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
खाली कराया गया उत्तराखंड हाई कोर्ट परिसर

नैनीताल में उत्तराखंड हाई कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा मेल रजिस्ट्रार जनरल कार्यालय में भेजा गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने हाई कोर्ट परिसर खाली कराया और प्रवेश द्वार बंद कर दिए। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि जांच में सब कुछ ठीक मिला।
मध्य प्रदेश में विश्वविद्यालय को भी धमकी भरा संदेश

भोपाल की पीपुल्स यूनिवर्सिटी को बम से उड़ाने की धमकी मिली। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने तत्काल विश्वविद्यालय परिसर को खाली करा लिया। करीब छह घंटे तक परिसर में चप्पे-चप्पे की तलाशी लेने के बाद पुलिस को कुछ भी नहीं मिला।
like (0)
LHC0088Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
LHC0088

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
162711