हापुड़ पुलिस। जागरण
केशव त्यागी, हापुड़। हापुड़ में थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव महमूदपुर के कपिल तेवतिया ने कुछ आरोपियों पर उसके मकान में लूटपाट कर अवैध ढंग से कब्जा करने का आरोप लगाया है।
इस मामले में पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने पर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। अब न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने चार नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
डायल-112 पर दर्ज कराई शिकायत
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में गांव महमूदपुर के कपिल तेवतिया ने बताया कि 31 दिसंबर 2025 की दोपहर करीब डेढ़ बजे गांव के एक परिचित ने फोन पर सूचना दी कि कुछ लोग ट्रक से उनके घर का सामान लूटकर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पीड़ित ने डायल-112 पर काल कर शिकायत दर्ज कराई।
आरोप है कि आरोपियों ने 15 दिसंबर 2025 को भी मकान का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया था और घरेलू सामान व आभूषण लुट लिए थे। साथ ही घर में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। इस संबंध में थाना हाफिजपुर में शिकायत दी गई थी।
यह भी पढ़ें- हापुड़ में एक व्यक्ति पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला, रीढ़ की हड्डी तोड़ी; आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
मकान पर कब्जा कर लगा दिया ताला
31 दिसंबर और एक जनवरी को लिखित शिकायत देने के बावजूद थाना पुलिस ने मामला टाल दिया और कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की। जिसके चलते आरोपितों ने मकान पर कब्जा कर अपना ताला लगा दिया है, जिससे परिवार दहशत में है। पीड़ित अपन घर में नहीं जा पा रहा है।
इस मामले में पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। थाना हाफिजपुर प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि मामले में जिला बुलंदशहर के थाना अगौता क्षेत्र के मानपुर के उपेंद्र, देवीपुरा के अनिल कुमार, मोनिका मालिक, कोटियात के मालिक और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। |
|