नोवार्टिस इंडिया के शेयर में लगा अपर सर्किट
नई दिल्ली। आज नोवार्टिस इंडिया (Novartis India Share Price) के शेयर में 20 फीसदी अपर सर्किट लग गया। कंपनी का शेयर 20 फीसदी तक उछला और BSE पर बढ़कर 996.50 रुपये पर पहुंच गया। ऐसा तब हुआ जब इसकी स्विस पेरेंट कंपनी नोवार्टिस AG ने कहा कि वह अपनी लिस्टेड भारतीय यूनिट में अपनी पूरी 70.68% हिस्सेदारी लगभग 1,446 करोड़ रुपये में नए इन्वेस्टर्स को बेचेगी।
बता दें कि वेवराइज इन्वेस्टमेंट्स, क्रिसकैपिटल और टू इनफिनिटी पार्टनर्स के एक ग्रुप ने पैरेंट एंटिटी से 860.64 रुपये प्रति शेयर पर हिस्सेदारी खरीदने के लिए एक एग्रीमेंट साइन किया। 860.64 रुपये का भाव नोवार्टिस के गुरुवार के क्लोजिंग प्राइस (830.45 रुपये) से 3.6% प्रीमियम दिखाता है।
ओपन ऑफर का भी है प्रस्ताव
इन कंपनियों ने नोवार्टिस इंडिया के पब्लिक शेयरहोल्डर्स से 26% और हिस्सा खरीदने का भी ऑफर दिया है। टेकओवर रेगुलेशंस के मुताबिक, 25% से अधिक शेयरहोल्डिंग खरीदने पर ऐसा करना जरूरी है। ओपन ऑफर भी 860.64 रुपये प्रति शेयर पर दिया जा रहा है, जिसके बारे में कंपनी ने कहा कि यह SAST रेगुलेशंस के हिसाब से तय किया गया है।
बदल जाएगा कंपनी का नाम
ओपन ऑफर के तहत पूरी मंजूरी मिलने पर, ओपन ऑफर के तहत एक्वायरर्स (खरीदारों) को कुल 552.5 करोड़ रुपये देने होंगे। एक्विजिशन पूरा होने के बाद, नए मालिकों ने जरूरी रेगुलेटरी और कॉर्पोरेट अप्रूवल के तहत कंपनी का नाम बदलने का भी प्रपोजल दिया है।
किसके पास कितनी होगी हिस्सेदारी?
अगर पूरी 26% शेयरहोल्डिंग ओपन ऑफर के जरिए खरीदी जाती है, जैसा कि प्लान है, तो वेवराइज के पास 72.78% इक्विटी होगी, कैटेगरी-II AIF क्रिसकैपिटल फंड X के पास 17.33% होगी, जबकि टू इनफिनिटी पार्टनर्स के पास 6.57% हिस्सेदारी होगी।
अगर ओपन ऑफर के तहत कोई शेयर टेंडर नहीं किया जाता है, तो वेवराइज के पास 56.45% की मेजोरिटी हिस्सेदारी होगी, क्रिसकैपिटल के फंड के पास 10.32% इक्विटी होगी, जबकि टू इनफिनिटी पार्टनर्स के पास कंपनी में 3.91% हिस्सेदारी होगी।
अपर सर्किट से नीचे आया शेयर
करीब सवा 11 बजे नोवार्टिस का शेयर अपर सर्किट से थोड़ा नीचे ट्रेड कर रहा है। इस समय ये 142.65 रुपये या 17.18 फीसदी की मजबूती के साथ 973.10 रुपये पर है।
ये भी पढ़ें - सितंबर 2022 के बाद Nifty50 कंपनियों के मुनाफे में पहली बार आई गिरावट, नए लेबर कोड से पड़ा असर; पर रेवेन्यू बढ़ा
“शेयर से जुड़े अपने सवाल आप हमें business@jagrannewmedia.com पर भेज सकते हैं।“
(डिस्क्लेमर: यहां एक शेयर की जानकारी दी गयी है, निवेश की सलाह नहीं। जागरण बिजनेस निवेश की सलाह नहीं दे रहा है। स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है, इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।) |