उत्तर प्रदेश परिवहन निगम
जागरण संवाददाता, बरेली। होली का पर्व करीब आ चुका है। अब यात्रियों की भीड़ उमड़नी शुरू हो जाएगी। यात्रियों को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने के लिए परिवहन निगम ने तैयारी शुरू कर दी है। दिल्ली, लखनऊ, आगरा, हल्द्वानी रूटों पर बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए पुराना बस अड्डा और सेटेलाइट बस अड्डा के नए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। यात्री घर बैठे बसों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
परिवहन निगम की रीजन के चारों डिपो में 642 बसें चलाई जा रही हैं। मुख्यालय से जारी किए गए निर्देश में हिदायत दी गई है कि सभी बसें आन रूट रहनी चाहिए। होली चार मार्च की है, इसलिए एक मार्च से ही यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी है। इसको ध्यान में रखते हुए निगम ने 28 फरवरी से प्रोत्साहन योजना लागू कर रूटों पर बसों के फेरे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
क्षेत्रीय प्रबंधक दीपक चौधरी ने सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों के साथ बैठक कर त्योहार पर व्यवस्थित तरीके से बसों का संचालन करने के निर्देशित किया। उन्होंने कहा है कि जिस रूट पर यात्री अधिक होंगे, उस पर बसों की संख्या बढ़ाई जा सकती है। निगम प्रशासन ने दिल्ली, लखनऊ, आगरा और हल्द्वानी रूटों पर बसों का संचालन डेढ़गुणा कराने की तैयारी की है।
इन रूटों पर जो बसें चलाई जा रही हैं, उनके फेरे बढ़ा दिए जाएंगे। प्रवर्तन दल निरंतर चेकिंग अभियान चलाते रहेंगे। नौ दिन के लिए चालक-परिचालकों के लिए प्रोत्साहन योजना लागू की गई है। प्रतिदिन उपस्थित रहकर निर्धारित औसत किमी का संचालन कराने पर 400 रुपये प्रतदिन की दर से एकमुश्त 3600 रुपये विशेष प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जाएगा।
जबकि दस दिन तक लगातार ड्यूटी करने वालों को 450 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से एकमुश्त 4500 रुपये का भुगतान किया जाएगा। इसी तरह डिपो और क्षेत्रीय कार्यशाला में लगातार दस दिन ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को 2100 रुपये जबकि नौ दिन कार्य करने वालों को 1800 रुपये प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जाएगा।
क्षेत्रीय प्रबंधक दीपक चौधरी ने एआरएम बरेली डिपो संजीव कुमार श्रीवास्तव और एआरएम रुहेलखंड डिपो अरुण कुमार वाजपेई निर्देशित किया है कि निगम की आय बढ़ाने के साथ यात्रियों को सुरक्षित यात्रा कराने पर भी ध्यान दिया जाए। यात्रियों की सुविधा के लिए सेटेलाइट बस अड्डा और पुराना बस अड्डा के नए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं।
सेटेलाइट बस अड्डा का हेल्पलाइन नंबर - 6389149100
पुराना बस अड्डा का हेल्पलाइन नंबर - 6389149018
यह भी पढ़ें- रेलवे का होली गिफ्ट: 7 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का ऐलान; आनंद विहार, मुंबई और कोलकाता के लिए खुल गई राह |
|