LHC0088 • 1 hour(s) ago • views 949
एआई तस्वीर
जागरण संवाददाता, पूर्णिया। शराबबंदी को लेकर छापेमारी के दौरान पुलिस टीम पर हमला की एक और घटना घटी है। इस बार मरंगा थाना क्षेत्र के सतकोदरीया गांव में अवैध शराब निर्माण व इसकी बिक्री में संलिप्त लोगों ने पुलिस टीम पर ईंट व पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया।
उपद्रवियों ने पुलिस वाहन को भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया है। इस संबंध में पुलिस ने आठ नामजद सहित 25 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए छापेमारी शुरू कर दी है।
बड़े पैमाने पर अवैध शराब का कारोबार
जानकारी के अनुसार मरंगा थानाध्यक्ष कौशल कुमार को सूचना मिली थी कि सतकोदरिया गांव में बड़े पैमाने पर अवैध शराब का कारोबार चल रहा है। सूचना के आधार पर जब पुलिस की टीम गांव में छापेमारी करने पहुंची, तो वहां मौजूद लोगों ने संगठित होकर छापेमारी का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और ईट पत्थर बरसाने लगी ।
पुलिसकर्मियों ने इधर-उधर छिपकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस टीम पहुंची, और स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सका।
आठ नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी
मरंगा थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में आठ नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान कर रही है।
पुलिस अधीक्षक स्वीटी सेहरावत ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस टीम गुप्त सूचना पर कार्रवाई करने गई थी। उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान कुछ उपद्रवियों द्वारा पुलिस का विरोध किया गया और सरकारी गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
किसी भी पुलिसकर्मी को मेजर इंजरी (गंभीर चोट) नहीं आई है। घटना में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान की जा रही है और छापेमारी जारी है। कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। |
|