search

ओडिशा में 31 नए जिले बनाने का प्रस्ताव, राउरकेला के भविष्य पर संकट

Chikheang 1 hour(s) ago views 730
  

ओडिशा सरकार के मंत्री सुरेश पुजारी। फाइल फोटो



जागरण संवाददाता, राउरकेला। ओडिशा में 31 नए जिलों के गठन को लेकर सरकार के पास प्रस्ताव भेजा गया है। यदि इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो ओडिशा में कुल जिलों की संख्या बढ़कर 61 हो जाएगी।

इस प्रक्रिया के तहत राउरकेला को भी एक अलग जिला बनाने का प्रस्ताव रखा गया है। हालांकि, राउरकेला को जिला बनाए जाने के प्रस्ताव का विरोध करते हुए सुंदरगढ़ जिले का विभाजन न करने की मांग को लेकर सरकार के पास याचिका दायर की गई है।

इसके चलते राउरकेला के अलग जिला बनने को लेकर संशय की स्थिति पैदा हो गई है। हालांकि, ‘वेदव्यास’ नाम से एक नए जिले के गठन का प्रस्ताव भी सामने आया है। ऐसे में यदि राउरकेला के बजाय वेदव्यास जिला बनाया जाता है, तो भी इसे लेकर लोगों के समर्थन की उम्मीद जताई जा रही है।
राउरकेला से अलग होगा सुंदरगढ़?

सुंदरगढ़ जिला हेमगिरि से लेकर कोइड़ा तक फैला हुआ है। जिलापाल का कार्यालय सहित जिले के सभी प्रमुख कार्यालय सुंदरगढ़ में स्थित हैं। परिणामस्वरूप, कोइड़ा, बणई आदि क्षेत्रों के लोगों को किसी भी प्रशासनिक कार्य के लिए लगभग 200 किलोमीटर दूर सुंदरगढ़ जाना पड़ता है।

इसी तरह, राउरकेला से सुंदरगढ़ की दूरी भी करीब 100 किलोमीटर है। ऐसे में यदि सुंदरगढ़ जिले को दो भागों में विभाजित कर राउरकेला को एक स्वतंत्र जिला घोषित किया जाता है, तो कोइड़ा, बणई सहित राउरकेला और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।
6 जिलों से मिलकर बना था ओडिशा

1 अप्रैल 1936 को ओडिशा को भाषा के आधार पर एक स्वतंत्र राज्य का दर्जा मिला था। उस समय कटक, पुरी, बालेश्वर, संबलपुर, कोरापुट और गंजाम इन छह जिलों को मिलाकर राज्य का गठन हुआ था।

बाद के वर्षों में सात और जिले बलांगीर, ढेंकानाल, केंदुझर, कालाहांडी, मयूरभंज, फुलबाणी (वर्तमान कंधमाल) और सुंदरगढ़ का गठन किया गया। इसके साथ ही ओडिशा में जिलों की कुल संख्या 13 हो गई थी।

वर्ष 1993 में स्वर्गीय बीजू पटनायक के नेतृत्व वाली सरकार ने 17 और नए जिलों का गठन किया। वर्तमान में ओडिशा में कुल 30 जिले हैं। बेहतर प्रशासनिक सेवाओं के उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों से अलग-अलग जिलों के गठन को लेकर सरकार के पास प्रस्ताव भेजे गए थे।

इसी क्रम में बणई, वेदव्यास और राउरकेला को अलग जिले बनाने के नए प्रस्ताव भी सरकार को प्राप्त हुए हैं। इन प्रस्तावों के बाद सरकार ने इस विषय पर विचार-विमर्श जारी होने की घोषणा की थी।
मंत्री ने कहा-प्रस्तावों पर विचार किया जा रहा है

विधानसभा सत्र के दौरान नए जिलों के गठन के मुद्दे पर राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने उत्तर देते हुए कहा कि नए जिलों के गठन के लिए प्राप्त प्रस्तावों पर विचार किया जा रहा है। मंत्री ने कहा है कि प्राप्त मांग-पत्र (याचिकाओं) पर उचित समय पर विचार किया जाएगा।

मंत्री द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावित नए जिलों की सूची में राउरकेला का नाम शामिल है। हालांकि, सुंदरगढ़ जिले का विभाजन न करने को लेकर भी एक याचिका प्राप्त होने की जानकारी भी मंत्री ने दी।

लोगों के व्यापक हित और सुविधा को ध्यान में रखते हुए, तथा प्रशासनिक सेवाएं आम जनता तक आसानी से पहुंचाने के उद्देश्य से, इस विशाल भौगोलिक जिले को विभाजित कर छोटे जिले बनाने की आवश्यकता पर फिर से विचार किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- ओडिशा में बीजद के छात्र नेता समेत 2 की सड़क हादसे में मौत, NH55 पर पाइप लदे ट्रक से टकराई थी कार  

यह भी पढ़ें- ओडिशा के KISS छात्रावास एक और छात्र की मौत, आत्महत्या की आशंका
like (0)
ChikheangForum Veteran

Post a reply

loginto write comments
Chikheang

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
165647