LHC0088 • 2 hour(s) ago • views 315
बीएचयू के बिड़ला चौराहे पर चली गोली, मौके पर धरना देते छात्र
जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय परिसर शनिवार रात गोलियों की आवाज से दहल उठा। बिड़ला ‘अ’ छात्रावास के मुख्य द्वार पर बाइक सवार हमलावरों ने बीए तृतीय वर्ष के छात्र रौशन मिश्रा और उसके साथी विशाल कुमार पर फायरिंग कर दी। हमले में दोनों छात्र बाल-बाल बच गए।
इस घटना से गुस्साए छात्रों ने बिड़ला चौराहे पर धरना-प्रदर्शन और नारेबाजी करते हुए हमलावरों के गिरफ्तारी की मांग शुरू कर दी। उधर, रोशन मिश्रा ने कानूनी कार्रवाई के लिए तीनों हमलावरों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। हमले का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना का पता चलते ही एडीसीपी वैभव बांगर व एसीपी गौरव कुमार भारी फोर्स के साथ परिसर पहुंच गए।
देर रात तक बीएचयू के सुरक्षाकर्मी (प्रॉक्टोरियल बोर्ड) भी तैनात थे। घटना रात करीब 9:30 बजे की है। बिड़ला ‘अ’ के रौशन मिश्रा और विशाल छात्रावास के गेट पर खड़े थे, तभी मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि बिहार के सासाराम निवासी पीयूष कुमार तिवारी, ऋषभ और तपस ने जान से मारने की नीयत से दो गोलियां चलाईं।
रौशन के अनुसार, एक गोली उसके सिर और दूसरी हाथ के पास से गुजरी। जान बचाने के लिए जब दोनों छात्रावास के अंदर भागे, तब भी हमलावरों ने पीछे से दो गोलियां चलाईं। पीयूष बीएचयू से संस्कृत में एमए कर रहा है और कमरा लेकर परिसर से बाहर रहता है। पीड़ित छात्रों ने मुख्य आरक्षाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि इस घटना की साजिश विश्वविद्यालय के पूर्व निष्कासित छात्र क्षितिज उपाध्याय उर्फ अभिषेक उपाध्याय के इशारे पर रची गई है।
इस दुस्साहसिक वारदात के बाद परिसर के छात्रों में डर और रोष व्याप्त है। पीड़ित छात्रों ने अपनी जान का खतरा बताते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। कुछ छात्रों ने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय के सुरक्षा प्रशासन से कई बार इस बात की सूचना दी गई थी कि पीयूष तिवारी असलहा लेकर घूम रहा है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं किए जाने का परिणाम फायरिंग के रूप में सामने आया।
एसीपी गौरव कुमार ने बताया कि मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा है, जांच की जा रही है। उन्होंने मौके से खाली कारतूस बरामद होने की पुष्टि की है।
पहले भी दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी
बीते 29 जनवरी को बीएचयू में यूजीसी के नए नियम को लेकर निकाले गए जुलूस में विवाद हुआ था। उस समय मारपीट में पीयूष को चोट आई थी। उसने रौशन और विशाल समेत कई छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। पुलिस उस मामले में जांच कर रही थी और अब दूसरी घटना हो गई। |
|