झड़प में घायलय राजकुमार यादव और दीपक वर्णवाल।
संवाददाता, जागरण, चासनाला (धनबाद)। नगर निगम चुनाव के बीच सुदामडीह क्षेत्र में शनिवार देर रात चुनावी रंजिश को लेकर मारपीट की घटना सामने आई है। इसमें वार्ड संख्या 51 की पार्षद प्रत्याशी पायल सुपकार और पार्षद प्रत्याशी बीरेंद्र कुमार के समर्थकों के बीच झड़प हुई।
घटना में तीन युवक घायल हो गए, जिनका इलाज चासनाला सीएचसी में कराया गया। मामले को लेकर दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। सुदामडीह न्यू माइंस कॉलोनी निवासी 22 वर्षीय राजकुमार यादव ने कहा कि वह स्प्लेंडर बाइक से अपने साथी सागर वर्मा उर्फ बिट्टू के साथ शिवम पांडेय को संवारडीह बस्ती के समीप घर छोड़कर लौट रहे थे।
इसी दौरान पूर्व पार्षद के समर्थक कुछ अन्य लोगों के साथ पहुंचे और बाइक की चाबी व मोबाइल छीन लिया। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। शोर-शराबा सुनकर दोनों पक्षों के समर्थक मौके पर जुट गए और देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
मारपीट में राजकुमार यादव का सिर फट गया, जबकि दीपक वर्णवाल के बाएं पैर में चोट आई है। दोनों को शरीर में अंदरूनी चोटें भी बताई जा रही हैं। वहीं दूसरे पक्ष से मनोज सुपकार ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उनकी दुकान के बाहर कुछ युवक आए और गाली-गलौज करने लगे। मना करने पर बेवजह मारपीट की गई, जिससे उन्हें भी चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही सुदामडीह थाना प्रभारी राहुल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया। दोनों ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। निगम चुनाव के दौरान हुई इस घटना से क्षेत्र में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया था, हालांकि पुलिस की तत्परता से स्थिति नियंत्रित कर ली गई। |