भारतीय टीम को मिली हार
होबार्ट, पीटीआई। भारतीय पुरुष हॉकी टीम को शानदार जुझारूपन दिखाने के बावजूद रविवार को खेले गए एफआइएच प्रो-लीग मुकाबले में मजबूत ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध पेनाल्टी शूटआउट में हार का सामना करना पड़ा। अब भारत होबार्ट चरण के अपने तीसरे मुकाबले में मंगलवार को स्पेन से भिड़ेगा।
निर्धारित समय तक दोनों टीमें 2-2 की बराबरी पर रहीं। ऑस्ट्रेलिया ने दो गोल से पिछड़ने के बाद आखिरी क्वार्टर में शानदार वापसी की और फिर शूटआउट में भारत पर 5-4 से भारी पड़ा। भारत की ओर से अमित रोहिदास (15वां मिनट) और जुगराज सिंह (43वां मिनट) ने गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई, जबकि ऑस्ट्रेलिया के जोएल रिंटाला (47 वां, 56 वां मिनट) ने दो गोल कर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया।
यह परिणाम ऐसे समय आया है जब भारत इस साल एफआइएच प्रो लीग में लगातार पांच मुकाबले हार चुका था। इसमें राउरकेला में खेले गए घरेलू चरण के चार मैच भी शामिल हैं। टीम को होबार्ट चरण के अपने पहले मुकाबले में शनिवार को स्पेन के विरुद्ध 0-2 से हार झेलनी पड़ी थी।
मुकाबले की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया ने गेंद पर अधिक नियंत्रण रखते हुए भारतीय खिलाड़ियों के क्षेत्र में दबदबा बनाने की कोशिश की लेकिन भारतीय रक्षा पंक्ति ने संयम बनाए रखा और वापसी करते हुए आस्ट्रेलिया पर दबाव बनाया। इस दौरान ऑस्ट्रेलिया के गोलकीपर जेड स्नोडेन ने कुछ अच्छे बचाव किए।
यह भी पढ़ें- भारतीय हॉकी टीम की नजरें वापसी करने पर, प्रो हॉकी लीग में आज से खेला जाएगा होबार्ट चरण
यह भी पढ़ें- पाकिस्तान हॉकी में घमासान, अम्माद शकील पर लगा बैन हटा, बवाल के बाद सरकार की खुली आंखें |
|