प्रयागराज के झूंसी में पीडीए हाईटेक टाउनशिप बनाएगा।
जागरण संवाददाता,प्रयागराज। न्यू नोएडा की तर्ज पर प्रयागराज विकास विकास प्राधिकरण (पीडीए) झूंसी क्षेत्र में हाईटेक टाउनशिप विकसित करेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के ड्रीम प्रोजेक्टों में से एक शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत झूंसी में आवासीय योजना को विकसित करने के लिए किसानों जमीन लेने के लिए वार्ता अंतिम दौरान में पहुंच चुकी है।
आवासीय योजना में प्लाट व भूखंड खरीद सकेंगे
झूंसी क्षेत्र में टाउनशिप विकसित करने के लिए पीडीए ने 700 से अधिक काश्तकारों जमीन खरीदने की तैयारी कर ली है। गंगापार के झूंसी में लगभग 1500 बीघा से अधिक जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। टाउनशिप को विकसित होने से पीडीए की आवासीय योजना में प्लाट और भूखंड खरीदने का सपना प्रयागराज के साथ ही आसपास के जिलों प्रतापगढ़, जौनपुर, भदोही समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के लोगों का पूरा होगा।
बहुमंजिला अपार्टमेंट बनेंगे
झूंसी में विकसित होने वाली इस टाउनशिप में कई बहुमंजिला अपार्टमेंट बनेंगे। प्रत्येक सोसायटी में 400 फ्लैट होंगे। इसके अलावा 1600 छोटे-बड़े प्लाट भी होंगे। शानदार सड़कें, बिजली और पानी के साथ ही स्कूल-कालेज, पार्क, शादी घर का भी निर्माण होगा। शापिंग माल से लेकर जिम, स्वीमिंग पूल, खेल मैदान भी बनेंगे।
किसानों को जमीन का चार गुना मिलेगा मुआवजा
किसानों की सहमति के आधार पर पीडीए ने कंसल्टेंट कंपनी टीला को नियुक्त किया है। कंपनी के सदस्य झूंसी के मुकुंदपुर,चकिया हिनौता और चक हिनौता के किसानों को योजना विकसित होने के फायदों को बताएंगे। टाउनशिप के लिए जिन किसानों की जमीन ली जाएगी उनको चार गुना मुआवजा दिया जाएगा।
जमीन के बदले किसानों को अच्छा मुआवजा
यह वही कंपनी है जिसने न्यू नोएडा को विकसित करने में अहम भूमिका निभाई है। कंपनी के कंसल्टेंट काश्तकारों से लगातार वार्ता कर रहे हैं। पीडीए की ओर से जमीन के बदले काश्तकारों को मुआवजा भी दिया जाएगा, जिसके लिए जिला प्रशासन की ओर से एसएलओ की टीम लगाई गई है। टाउनशिप रिंग रोड से चंद मीटर की दूरी पर बनाई जाएगी, जिससे की कालोनी में रहने वाले लोगों को वाराणसी और मीरजापुर जाने में आसानी होगी।
क्या बोले पीडीए उपाध्यक्ष?
पीडीए उपाध्यक्ष ऋषिराज का कहना है कि विस्तारीकरण योजन के तहत प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने झूंसी क्षेत्र में टाउसिट विकसित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। न्यू नोएडा की तर्ज पर झूंसी क्षेत्र को विकसित किया जाएगा। पीडीए की ओर से विकसित की जाने वाली आवासीय योजना का लाभ प्रयागराज के अलावा कई जिलों के लोगों को भी मिलेगा। किसानों की सहमति के आधार पर पीडीए ने कंसल्टेंट कंपनी टीला को नियुक्त किया है। किसानों से वार्ता अंतिम दौरा में चल रही है, जल्द ही योजना साकार रूप लेने लगेगी। |
|