युवती से छेड़खानी और मारपीट कर चलती कार से फेंका
जागरण संवदाता, कोलकाता। महानगर के बेहाला इलाके में दोस्ती को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। डायमंड हार्बर रोड पर शनिवार रात एक 20 वर्षीय युवती के साथ उसके ही दोस्त ने चलती कार में न केवल मारपीट और छेड़खानी की, बल्कि उसे चलती गाड़ी से बाहर सड़क पर फेंक दिया। हालांकि, सतर्क पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए करीब दो किलोमीटर तक आरोपित का पीछा किया और उसे धर दबोचा।
पुलिस के अनुसार, यह पूरी घटना शनिवार शाम करीब 5.30 बजे शुरू हुई। हरिदेवपुर की रहने वाली पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपित अर्णव साव (18) उसे अपनी कार में बिठाकर ले गया था।
रास्ते में किसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक हो गई। पीड़िता का आरोप है कि अर्णव ने उसे कार के भीतर बंधक बना लिया और बागिर खाल से बेहाला चौरस्ता के बीच करीब दो किलोमीटर तक उसके साथ मारपीट की।
जान से मारने की दी धमकी
युवती ने पुलिस को दिए अपने बयान में कहा कि आरोपित ने उसे भद्दी गालियां दीं, उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाई और जान से मारने की धमकी देते हुए उसे चलती कार से नीचे फेंक दिया। बेहाला चौरस्ता जैसे व्यस्त इलाके में हुई इस घटना से हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए आरोपित की कार का पीछा किया और उसे घेरकर पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपित को किया गिरफ्तार, कार भी की जब्त
पुलिस ने आरोपित अर्णव साव को गिरफ्तार कर उसकी कार जब्त कर ली है। आरोपित के खिलाफ अपहरण, मारपीट, छेड़खानी और आपराधिक धमकी देने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस फिलहाल मामले की विस्तृत जांच कर रही है ताकि विवाद की मुख्य वजह का पता लगाया जा सके।
यह भी पढ़ें- नाबालिग से जघन्य अपराध के दोषी कोच को उम्रकैद, कोलकाता में की थी हत्या-लूटपाट की कोशिश |
|