LHC0088 • 1 hour(s) ago • views 858
माधव आनंद, मल्लिकार्जुन खरगे व राहुल गांधी। फाइल
राज्य ब्यूरो, पटना। Bihar Politics: कांग्रेस पार्टी के भीतर अनुशासन और अधिकार क्षेत्र को लेकर नया विवाद सामने आया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी सदस्य आनंद माधव और छत्रपति यादव ने संयुक्त हस्ताक्षर से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पत्र लिखकर राज्य इकाई की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।
दोनों नेताओं ने पत्र में पूछा है कि क्या राज्य इकाई का अधिकार क्षेत्र राष्ट्रीय अध्यक्ष से ऊपर है? साथ ही यह भी सवाल किया है कि क्या राज्य स्तर पर एआइसीसी सदस्यों का निष्कासन किया जा सकता है?
राष्ट्रीय स्तर पर गठित करें जांच समिति
उन्होंने आग्रह किया है कि यदि उनसे कोई गलती हुई है तो राष्ट्रीय स्तर पर एक जांच समिति गठित की जाए। वे समिति के समक्ष अपनी सफाई देने को तैयार हैं।
उनका कहना है कि यदि जांच समिति उनकी दलीलों से संतुष्ट नहीं होती है तो वह निष्कासन की अनुशंसा राष्ट्रीय अध्यक्ष से कर सकती है।
राहुल गांधी के कथन का उल्लेख
पत्र में नेताओं ने राहुल गांधी के उस कथन का भी उल्लेख किया, जिसमें वे कहते हैं कि गलत का साथ मत दो, डरो मत। नेताओं ने कहा कि वे उसी सिद्धांत पर चल रहे हैं।
यह पत्र अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की अनुशासन समिति के सदस्य सचिव और सांसद तारिक अनवर के माध्यम से भेजा गया है, जिसकी प्रति लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को भी दी गई है।
एआई समिट में गिरफ्तार युवा कांग्रेस नेताओं के परिवार से मिले राजेश
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने एआई समिट के दौरान प्रदर्शन करने वाले युवा कांग्रेस नेता श्रीकृष्ण हरि और कुंदन कुमार के परिवार से सोमवार को मुलाकात की।
उन्होंने परिवार को हर मदद का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि देश में अराजक माहौल है। उसके खिलाफ युवा कांग्रेस के साथियों ने राष्ट्रीय स्तर पर आवाज बुलंद करने की जो पहल की है उसके लिए उनके हिम्मत की दाद देता हूं। आगे भी हमारी परंपरा के अनुरूप हम देश बरबाद करने वालों के खिलाफ संघर्ष करते रहेंगे। |
|