जागरण संवाददाता , कानपुर। Gold Silver Price Today: सराफा बाजार में बीते एक सप्ताह से सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त तेजी का रुख बना हुआ है। अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और वैश्विक अस्थिरता के कारण बहुमूल्य धातुओं के दाम आसमान छू रहे हैं। कानपुर के स्थानीय बाजार में चांदी की कीमतों में महज एक सप्ताह के भीतर 27 हजार रुपये प्रति किलो की रिकार्ड बढ़त दर्ज की गई है। वहीं, सोने के भाव भी 5900 रुपये प्रति दस ग्राम तक बढ़ गए हैं।
बाजार में आई तेजी से स्थानीय सराफा कारोबारी एक बार फिर से प्रभावित दिख रहे हैं। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, इस अप्रत्याशित तेजी का मुख्य कारण अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ता तनाव है। भू-राजनीतिक अस्थिरता के कारण दुनिया भर के केंद्रीय बैंकों ने सुरक्षित निवेश के तौर पर सोने और चांदी की खरीदारी तेज कर दी है। इसके अलावा, वैश्विक बाजार में डालर की कीमतों में उतार-चढ़ाव और आपातकाल स्थितियों में मुद्रा की स्वीकार्यता को लेकर बनी शंका ने भी निवेशकों को पीली धातु की ओर आकर्षित किया है।
बाजार में लगातार जारी उतार - चढ़ाव के कारण कारोबार भी कम हो रहा है। बिरहाना रोड और नया गंज के कारोबारियों के अनुसार अब जरूरत भर की खरीद ही हो रही है। कोई भी अब बढ़कर सौदा करने के लिए तैयार नहीं है।चांदी की कीमतों में आई इतनी बड़ी तेजी ने न केवल आम ग्राहकों बल्कि छोटे निवेशकों को भी चौंका दिया है।
व्यापारियों का मानना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव कम नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में कीमतों में और अधिक उछाल देखने को मिल सकता है। सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग के चलते बाजार में आपूर्ति और मांग का संतुलन भी प्रभावित हो रहा है। उत्तर प्रदेश सराफा एसोसिएशन के मंत्री राम किशोर मिश्रा ने बताया कि अमेरिका के टैरिफ , ईरान के साथ तनाव और सोने की बड़े पैमाने पर हो रही अंतरराष्ट्रीय खरीद का असर स्थानीय बाजार पर भी पड़ रहा है।
एक नजर में तेजी की स्थिति
तिथि (Date) चांदी प्रति किलो (Silver per Kg) सोना प्रति दस ग्राम (Gold per 10 Gram)
17 फरवरी
243000
155800
18 फरवरी
245000
155900
19 फरवरी
254500
159000
20 फरवरी
253000
158500
21 फरवरी
269000
160300
23 फरवरी
270000
161700
|