चाईबासा में मतदान के लिए कतार में खड़े मतदाता।
जागरण संवाददाता, चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा और चक्रधरपुर नगर परिषद क्षेत्रों में सोमवार को नगरपालिका चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हुए। दिनभर चली चुनावी गहमागहमी के बीच मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शाम 5:00 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, चाईबासा नगर में 61.05% और चक्रधरपुर में 57.95% मतदान दर्ज किया गया है। सुबह 7 बजे मतदान शुरू होने पर केंद्रों पर सन्नाटा सा रहा, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ा, लंबी कतारें लगने लगीं।
समय (AM/PM) चक्रधरपुर (वोट %) चाईबासा (वोट %)
- सुबह 09:00 बजे 9.44% 10.68%
- सुबह 11:00 बजे 15.11% 21.3%
- दोपहर 01:00 बजे 33.05% 34.59%
- दोपहर 03:00 बजे 46.87% 48.61%
- शाम 05:00 बजे 57.95% 61.05%
युवाओं और महिलाओं की दिखी सक्रियता दोपहर के समय मतदान केंद्रों पर महिलाओं की लंबी कतारें देखी गईं, वहीं पहली बार वोट डालने पहुंचे युवाओं में भी खास उत्साह नजर आया। कई बुजुर्ग मतदाता परिजनों के सहारे बूथों तक पहुंचे। अंतिम दो घंटों में नौकरीपेशा लोगों और युवाओं की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हुई। जिससे शाम 5 बजे के बाद भी कई बूथों पर मतदाताओं की कतार लगी रही।
कड़ी सुरक्षा और चौकसी
दिनभर अध्यक्ष पद के प्रत्याशी और उनके समर्थक विभिन्न बूथों का दौरा कर स्थिति पर नजर रखते रहे। सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या आशंका की सूचना मिलते ही पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करता रहा। |