राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। यूपी बोर्ड की सोमवार को प्रथम पाली में हाईस्कूल के महत्वपूर्ण विषय अंग्रेजी के साथ इंटरमीडिएट व्यावसायिक वर्ग की परीक्षा हुई। द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट के प्रमुख विषय जीवविज्ञान एवं गणित विषय के साथ-साथ हाईस्कूल के ट्रेड विषयों-इलेक्ट्रीशियन, हेल्थकेयर, आटोमोबाइल, सोलर सिस्टम रिपेयर, प्लम्बर, सुरक्षा, आइटी/आइटीईएस, मोबाइल रिपेयर, आपदा प्रबंधन एवं रिटेल ट्रेडिंग की परीक्षा कराई गई।
मैनपुरी में दूसरे पाली की परीक्षा के दौरान एसटीएफ ने एक केंद्र के बाहर लिखी जा रही उत्तरपुस्तिका को पकड़ा। गाजीपुर में नकल के मामले में प्रधानाचार्य एवं साल्वर को गिरफ्तार किया गया है। कुछ और जिलों में दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते छद्म परीक्षार्थी (साल्वर) को गिरफ्तार किया गया है।
गाजीपुर के मामले में पता चला है कि पकड़ा गया साल्वर पिछले तीन दिनों में हिंदी व सामाजिक विज्ञान की परीक्षा दे चुका था। इसके बदले प्रधानाचार्य ने 40 हजार रुपये लिए थे और साल्वर को बायोमीट्रिक व अन्य जांच से छूट दिला दी थी। मौके से हाईस्कूल का अंग्रेजी प्रश्नपत्र, उत्तर पुस्तिका, ओएमआर शीट, प्रवेश पत्र, आधार कार्ड और दो मोबाइल फोन बरामद हुए है। आजमगढ़ में हाईस्कूल अंग्रेजी की परीक्षा में छोटे भाई की जगह परीक्षा देते हुए युवक को पकड़ा गया है।
यह भी पढ़ें- क्लैट-यूजी 2026 की मेरिट लिस्ट पुनरीक्षित करने पर इलाहाबाद हाई कोर्ट ने रोक लगाई, अगली सुनवाई नौ मार्च को
जौनपुर में एक साल्वर को पकड़ा गया है। प्रयागराज में कक्ष निरीक्षक को नकल कराते हुए पकड़ा गया है। सभी मामलों में मुकदमा दर्ज कराया गया है। सोमवार को पहली पाली की परीक्षा 8,033 परीक्षा केंद्रों पर हुई, जबकि दूसरी पाली की परीक्षा 7,811 केंद्रों पर आयोजित की गई। प्रथम पाली में पंजीकृत 27,09,020 परीक्षार्थियों में से 1,68,739 अनुपस्थित रहे।
वहीं, द्वितीय पाली में पंजीकृत 16,14,632 में से 91,796 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी। इस प्रकार दोनों पालियों में कुल 2,60,535 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट में महत्वपूर्ण विषयों की परीक्षा होने के कारण राज्य स्तरीय पर्यवेक्षक, बोर्ड के अधिकारी एवं एसटीएफ की टीम जनपदों के संवेदनशील केंद्रों पर विशेष रूप से पहुंची।  |